मेरठ में रिश्वतखोर दरोगा, हेडकांस्टेबल पर मुकदमा:रुपए लेकर छोड़ा लूट का आरोपी, मां की शिकायत पर खुला मामला


मेरठ में दरोगा और हेडकांस्टेबल ने मिलकर लूट के आरोपी को बिना कार्यवाही किए 3 हजार रुपए की रिश्वत लेकर थाने से छोड़ दिया। आरोपी की मां ने इसकी शिकायत सीनियर ऑफिसर से कर दी। तो पूरे मामले की जांच हुई और मामला खुला। इसके बाद रिश्वत लेने वाले आरोपी दरोगा और हेडकांस्टेबल के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम की धाराओं में नौचंदी थाने में मुकदमा दर्ज हुआ है। ये है पूरी घटना
नौचंदी थानाक्षेत्र में लूट के मामले में रिहान के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किए थे। मकबरा घोसियान निवासी रिहान को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने का निर्देश था। नौचंदी थाने के दरोगा ने केसरगंज चौकी पर आरोपी को रखा और रिश्वत लेकर छोड़ दिया। लूट के आरोपी रिहान को हिरासत में लेने के बाद दरोगा अनूप कुमार और हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार ने तीन हजार रुपये रिश्वत लेकर छोड़ दिया। आरोपी की मां रिहाना ने इसकी शिकायत थाने में की तो फुटेज से आरोपी को हिरासत में लेकर केसरगंज चौकी में रखने की पुष्टि हुई। इसके बाद दरोगा और सिपाही पर भ्रष्टाचार अधिनियम के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपी रिहान के साथ दरोगा और सिपाही को तलाश रही है। 2023 में हुआ था मुकदमा
रेलवे रोड थाने में दर्ज की गई प्राथमिकी में थाना प्रभारी विजय कुमार ने कहा है कि न्यायालय ने वर्ष 2023 में नौचंदी थाने में दर्ज किए गए लूट के मामले में एक जून को आरोपी रिहान के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किए थे। मकबरा घोसियान निवासी रिहान को 17 जून तक गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने का निर्देश था।
आरोपी की मां ने पुलिस को बताया सच
नौचंदी थाना प्रभारी निरीक्षक ने चार जून को थाने पर तैनात दरोगा अनूप कुमार को वारंट तामील करने का कार्य सौंपा था। दरोगा अनूप कुमार ने रेलवे रोड थाने के हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार के साथ मिलकर रिहान की तलाश शुरू की। 12 जून को दोपहर 3:30 बजे दोनों ने रिहान को गिरफ्तार कर लिया। वे रिहान को केसरगंज चौकी पर ले आए। उन्होंने चौकी प्रभारी या अन्य उच्चाधिकारियों को इसकी सूचना नहीं दी। थाने के अभिलेखों में भी आरोपी को हिरासत में लेने की जानकारी नहीं दी।
बाइक पर आरोपी को ले जाते दिखे पुलिसकर्मी
रिहान की मां रिहाना ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने उनसे तीन हजार रुपये की रिश्वत ली। रिश्वत लेने के बाद उन्होंने रिहान को केसरगंज पुलिस चौकी से छोड़ दिया। इस आरोप की पुष्टि के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गई। फुटेज में अनूप कुमार और दिनेश कुमार रिहान को लाल रंग की मोटरसाइकिल पर ले जाते दिखे। कार्रवाई की जानकारी होने पर दोनों पुलिसकर्मी भाग गए।
पुलिस का ये कहना है
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि 12 जून को नौचंदी थाने के एक मामले में आरोपी रिहान जो रेलवे रोड थाने का रहने वाला है उसके संबंध में एनबीडब्लू प्राप्त हुआ था। इस मामले में उपनिरीक्षक अनूप कुमार ने केसरंगज चौकी के हेडकांस्टेबल दिनेश कुमार के साथ मिलकर रिहान की अरेस्टिंग की लेकिन बिना एक्शन के आरोपी को मौके से ही छोड़ दिया गया। सीनियर ऑफिसर को नहीं बताया न ही कार्यवाही की गई, थानाध्यक्ष रेलवे रोड की तहरीर पर मुकदमा लिखा गया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *