![]()
राजधानी के राजेंद्र नगर क्षेत्र में रविवार को रिहायशी कॉलोनी में मोबाइल टावर लगाए जाने को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। कमर्शियल टावर के निर्माण के विरोध में बड़ी संख्या में निवासियों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। नारेबाजी करते हुए प्रशासन से तत्काल रोक लगाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि घनी आबादी वाले रिहायशी क्षेत्र में बिना लोगों की सहमति के कमर्शियल मोबाइल टावर लगाया जा रहा है। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने चेतावनी दी कि अगर समय पर उनकी मांगों पर सुनवाई नहीं हुई तो बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। उनका कहना है कि टावर से निकलने वाली रेडिएशन और विद्युत चुम्बकीय किरणें बच्चों, बुजुर्गों और हृदय रोगियों के स्वास्थ्य के लिए खतरा बन सकती हैं। साथ ही टावर लगने से कॉलोनी की सुंदरता और संपत्तियों की कीमत पर भी असर पड़ेगा। प्रदर्शन में शामिल नितिन श्रीवास्तव, रचना श्रीवास्तव, संतोष पांडे और रश्मि श्रीवास्तव ने प्रशासन से मांग की कि टावर लगाने की प्रक्रिया पर तुरंत रोक लगाई जाए और पूरे मामले की जांच कराई जाए। स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे। प्रदर्शन के दौरान कॉलोनी की महिलाओं ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया और हस्ताक्षर अभियान चलाकर संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपने की बात कही। फिलहाल मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
Source link
राजेंद्र नगर में मोबाइल टावर लगाने का विरोध:प्रशासन से रोक लगाने की मांग, बाेले नहीं रुका तो होगा बड़ा विरोध