"रक्षाबंधन की मिठास को सरकार ने कड़वाहट में बदल दिया":सपा ने सब्जियों की माला पहनकर किया प्रदर्शन, PMO को चीनी भेंट करने पहुंचे


वाराणसी में समाजवादी पार्टी ने चीनी के बढ़ते दाम और महंगाई के विरोध में प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ता सब्जियों की माला पहनकर पीएमओ कार्यालय की ओर चीनी भेंट करने पहुंचे। इस दौरान नेताओं ने आरोप लगाया कि त्योहारों के समय चीनी, सब्जियों और अन्य जरूरी सामानों के दाम बढ़ने से आम लोगों पर महंगाई की मार पड़ रही है। सपा नेताओं ने कहा कि रक्षाबंधन, जन्माष्टमी और दीपावली जैसे त्योहारों के दौरान चीनी की मांग बढ़ती है। ऐसे समय में दाम बढ़ने से आम लोगों को परेशानी हो रही है। नेताओं ने सरकार से महंगाई कम करने की मांग की और कहा कि दाम नियंत्रित नहीं हुए तो पार्टी सड़क पर आंदोलन करेगी। देखे तस्वीरें…. प्रदेश सचिव बोले- महंगाई के खिलाफ सड़कों पर उतरे हैं समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव राजीव यादव ने कहा कि लगातार चीनी, सब्जियों और अन्य जरूरी सामानों के दाम बढ़ रहे हैं। इसे लेकर समाजवादी पार्टी और महिला मोर्चा सड़कों पर उतरकर विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता पीएमओ कार्यालय में चीनी भेंट कर सरकार तक अपनी बात पहुंचाना चाहते हैं। अगर महंगाई और जरूरी सामानों के दाम तत्काल कम नहीं किए गए तो समाजवादी पार्टी बड़ा आंदोलन करेगी। त्योहारों के समय चीनी महंगी करने का आरोप पूर्व मंत्री और कैंट विधानसभा की प्रभारी रीबू श्रीवास्तव ने कहा कि त्योहारों के समय चीनी की मांग बढ़ जाती है। रक्षाबंधन, जन्माष्टमी और दीपावली जैसे त्योहारों में मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की खपत भी बढ़ती है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ चीनी के दाम बढ़ रहे हैं, दूसरी तरफ सरकार गन्ने का इस्तेमाल एथनॉल बनाने में कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब एथनॉल के इस्तेमाल की बात पेट्रोल सस्ता करने के लिए की गई थी, तो पेट्रोल के दाम कम क्यों नहीं हुए। रीबू श्रीवास्तव ने कहा कि पहले जो चीनी 45 रुपए किलो मिल रही थी, उसके दाम बढ़ गए हैं। ऐसे में त्योहारों के समय आम लोगों के लिए मिठाई और अन्य चीजें खरीदना महंगा हो रहा है। बहनों के लिए मिठाई की जगह चीनी का डिब्बा लेकर पहुंचे रीबू श्रीवास्तव ने कहा कि रक्षाबंधन मिठास का त्योहार है। बहनें अपने भाइयों के लिए मिठाई लेकर जाती हैं, लेकिन महंगाई के विरोध में वे चीनी का डिब्बा लेकर पीएमओ कार्यालय पहुंचे हैं। उन्होंने कहा, “रक्षाबंधन की मिठास को सरकार ने कड़वाहट में बदल दिया है। एक तरफ पेट्रोल-डीजल के दाम कम नहीं हो रहे हैं और दूसरी तरफ चीनी भी महंगी हो रही है। आखिर जनता पर यह दोहरी मार क्यों?” उन्होंने आरोप लगाया कि जमाखोरी के कारण चीनी के दाम बढ़ रहे हैं और इसका फायदा बड़े व्यापारियों को मिल रहा है। त्योहारों के समय कीमतों पर नियंत्रण होना चाहिए। PMO से कुछ कदम दूर प्रदर्शन, नेताओं ने सरकार पर साधा निशाना सपा नेताओं ने कहा कि वाराणसी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र है और पीएमओ कार्यालय के पास पहुंचकर वे सिर्फ अपनी मांगों से जुड़ा आवेदन देना चाहते थे। नेताओं ने आरोप लगाया कि उन्हें आगे जाने से रोका गया। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य त्योहारों के समय बढ़ती महंगाई और चीनी के दामों को लेकर सरकार तक आम लोगों की बात पहुंचाना है। महिला सभा की अध्यक्ष बोलीं- मिठास के त्योहार को कड़वाहट में बदला समाजवादी पार्टी महिला सभा की महानगर अध्यक्ष संगीता पटेल ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में चीनी और अन्य जरूरी सामानों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा, “रक्षाबंधन मिठास का त्योहार है, लेकिन योगी-मोदी सरकार ने इस मिठास को भी कड़वाहट में बदल दिया है। महंगाई बढ़ने से सबसे ज्यादा असर आम और गरीब परिवारों पर पड़ रहा है।”

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *