मैनपुरी में परिवार पर धारदार हथियारों से हमला:थाने में सुनवाई न होने पर एसपी से लगाई न्याय की गुहार, खेत को लेकर हुई मारपीट


मैनपुरी के थाना कुर्रा क्षेत्र के ग्राम विनायकपुर में विवादित खेत की जुताई को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि जबरन ट्रैक्टर से खेत जोतने का विरोध करने पर एक परिवार पर धारदार हथियार, लाठी और लोहे के पाइप से हमला कर दिया गया। हमले में परिवार के कई सदस्य घायल हो गए। पीड़ित पक्ष ने थाना पुलिस पर कार्रवाई न करने और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच की मांग की है। विवादित भूमि पर जुताई का विरोध पड़ा भारी पीड़ित बलराम पुत्र सतीश कुमार ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में बताया कि घटना 30 जुलाई की शाम करीब छह बजे की है। उनके अनुसार, जब वह अपने खेत पर पहुंचे तो संतराम भदौरिया, ध्रुव भदौरिया, गिरजेश और कुछ अन्य लोग उस भूमि पर ट्रैक्टर से जुताई कर रहे थे। यह भूमि पहले से कोर्ट में विचाराधीन है। बलराम का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी आक्रोशित हो गए और उन पर हमला कर दिया। शिकायत के अनुसार, संतराम के हाथ में फरसा और टकोरा था, जबकि अन्य आरोपियों के पास लाठी और लोहे के पाइप थे। महिला गंभीर घायल, कुंडल और मोबाइल छीनने का आरोप हमले में प्रेममुखी पुत्री अहिवरन के सिर पर धारदार हथियार से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावर उनके कान के सोने के कुंडल और मोबाइल फोन भी छीन ले गए। बीच-बचाव करने पहुंचीं कुसमा पत्नी सतीश कुमार समेत परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट की गई। इस हमले में परिवार के कई लोग घायल हुए हैं।
पुलिस पर सुनवाई न करने और दबाव बनाने के आरोप बलराम का आरोप है कि घटना के बाद जब वे थाना कुर्रा रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे, तो पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। उन्होंने शिकायत में कहा है कि थाना प्रभारी (एसओ) ने उनका कॉलर पकड़कर थप्पड़ मारा और हवालात में बंद करने की धमकी दी। साथ ही संतराम और ध्रुव के नाम शिकायत से हटाने का दबाव भी बनाया गया। पीड़ित परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल में चिकित्सीय परीक्षण के दौरान पुलिस ने हस्तक्षेप किया। एसओ पर डॉक्टर से अलग कमरे में बातचीत करने और पीड़ित पक्ष से दबाव बनाकर कोरे कागजों पर हस्ताक्षर कराने का भी आरोप लगाया गया है। एसपी से निष्पक्ष जांच की मांग पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने, मुकदमा दर्ज कराने तथा थाना स्तर पर लगाए गए आरोपों की भी जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है। थाना प्रभारी ने आरोपों को बताया गलत इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रांत सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है और पुलिस इसकी जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई थी, जिस पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। थाना प्रभारी ने पुलिस पर मारपीट और अभद्रता के लगाए गए आरोपों को गलत और निराधार बताया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *