बारिश के बाद जाजमऊ में घंटों से बिजली नहीं:गुस्साए लोगों ने सब स्टेशन घेरा, जेके चौराहे पर सड़क जाम की


कानपुर में बारिश के बाद जाजमऊ के छवीलेपुरवा सब स्टेशन क्षेत्र में बिजली आपूर्ति ठप होने से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। शुक्रवार रात करीब 10.30 बजे सैकड़ों लोग सब स्टेशन पहुंच गए और केसा के खिलाफ नारेबाजी की। अधिकारियों से संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर प्रदर्शनकारियों ने जेके चौराहे पर सड़क जाम कर दी। पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारियों के आश्वासन के बाद जाम खुला और आंशिक बिजली आपूर्ति बहाल की गई। घंटों बिजली गुल रहने पर फूटा लोगों का गुस्सा बारिश के बाद आए तकनीकी फॉल्ट के कारण छवीलेपुरवा सब स्टेशन से जुड़े करीब एक दर्जन मोहल्लों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। देर रात तक बिजली नहीं आने से नाराज लोग बड़ी संख्या में सब स्टेशन पहुंच गए और केसा के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थानीय निवासी राकेश तिवारी, गुलाम अहमद, जमशेद और दिव्यांशु ने बताया कि लंबे समय तक बिजली नहीं आने के बावजूद विभाग की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही थी। जेके चौराहे पर सड़क जाम, वाहनों की लगी कतार जब अधिकारियों से भी संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो प्रदर्शनकारी रात करीब 10:30 बजे जेके चौराहे पहुंच गए। उन्होंने केसा की सीढ़ी सड़क पर रखकर रास्ता जाम कर दिया। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। आश्वासन के बाद खुला जाम, फिर सब स्टेशन पहुंचे लोग पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। अधिकारियों ने बताया कि तकनीकी फॉल्ट को दूर करने का काम तेजी से चल रहा है। आश्वासन मिलने के बाद लोगों ने जाम समाप्त कर दिया। हालांकि कुछ देर बाद प्रदर्शनकारी फिर से छवीलेपुरवा सब स्टेशन पहुंच गए और केसा अधिकारियों के खिलाफ दोबारा नारेबाजी की। 3-4 मोहल्लों की बिजली हुई बहाल स्थिति को देखते हुए बिजली विभाग ने तत्काल तकनीकी टीम मौके पर भेजी। टीम ने फॉल्ट ठीक कर 3-4 मोहल्लों की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि रात 12 बजे तक पूरे क्षेत्र की बिजली सामान्य कर दी जाएगी। लोग बोले- आए दिन होती है यही परेशानी स्थानीय लोगों का कहना है कि जाजमऊ क्षेत्र में बिजली कटौती और फॉल्ट की समस्या लगातार बनी रहती है। गर्मी और उमस के बीच घंटों बिजली गुल रहने से सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को होती है। लोगों ने बिजली व्यवस्था में स्थायी सुधार और किसी भी फॉल्ट की स्थिति में समय पर सूचना देने की मांग की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *