![]()
मऊ में ट्रेन की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। पहली घटना में मृतक की पहचान नहीं हो सकी, जबकि दूसरी घटना में मृतक की पहचान फरीदपुर मोहल्ला निवासी 65 वर्षीय शंकर राम के रूप में हुई। दोनों मामलों में पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पहली घटना आजमगढ़-मऊ रेलखंड के बरहदपुर रेलवे पटरी पर रविवार शाम करीब 5:30 बजे हुई। शाहगंज से बलिया जा रही सवारी ट्रेन की चपेट में आने से करीब 50 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही खैराबाद चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। मामला मोहम्मदाबाद गोहना थाना क्षेत्र का है।
पुलिस ने शव की जांच-पड़ताल की और आसपास के लोगों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी थी। पुलिस पहचान कराने के साथ शव के संबंध में आवश्यक कार्रवाई में जुटी थी। वहीं, दूसरी घटना रविवार रात करीब 9:15 बजे मोहम्मदाबाद गोहना कस्बे के फरीदपुर मोहल्ले के पास हुई। यहां बनारस से आजमगढ़ जा रही डेमू ट्रेन की चपेट में आने से शंकर राम की मौत हो गई। बताया गया कि शंकर राम बाजार से घर लौट रहे थे। रेलवे लाइन पार करते समय वह ट्रेन की चपेट में आ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शंकर राम दिव्यांग थे और पहले गुजरात के अहमदाबाद में एक निजी कंपनी में काम करते थे। पिछले दो-तीन वर्षों से वह घर पर रह रहे थे। परिवार में उनकी पत्नी हैं, जो लंबे समय से बीमार होने के कारण बिस्तर पर रहती हैं। उनकी तीन बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। कोतवाल केके वर्मा ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
ट्रेन की चपेट में आने से 2 लोगों की मौत:मऊ में लाइन पार करते समय चपेट में आया, पुलिस जांच में जुटी