![]()
बदायूं में पुलिस ने शुक्रवार रात 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। यह बदमाश जहरखुरानी की वारदात में वांछित था। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी है, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार होने में कामयाब रहा। यह घटना दातागंज कोतवाली इलाके में बेलाडांडी पुल के पास हुई। पुलिस टीम शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे यहां वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक कार आती दिखी, जिसे रोकने का इशारा करने पर कार सवार लोग उतरकर भागने लगे। पुलिस का दावा है कि भागते समय बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें एक सिपाही घायल हो गया। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई, जिससे एक हमलावर की टांग में गोली लग गई और वह वहीं गिर पड़ा। उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल हमलावर को पकड़ने के बाद पूछताछ में उसने अपना नाम सनी सैनी बताया, जो कासगंज के कस्बा सोरों का निवासी है। सनी सैनी के खिलाफ दातागंज कोतवाली में जहरखुरानी का एक मामला दर्ज था। उसने एक व्यक्ति को बेहोश कर उसकी नकदी और एटीएम कार्ड चुरा लिए थे। घायल बदमाश को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि जहरखुरानी के आरोपी को पकड़ लिया गया है। उसके पास से एक तमंचा और कुछ कारतूस भी बरामद हुए हैं।
Source link
बदायूं में 25 हजार का इनामी बदमाश पकड़ा:पुलिस से मुठभेड़ में आरोपी के पैर में लगी गोली, सिपाही भी हुआ घायल