राकेश पचौरी | मथुरा5 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

मथुरा के महावन और जमुनापार थाना क्षेत्र में शुक्रवार को प्रशासन ने अवैध निर्माणों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। हयातपुर गांव के समीप दोपहर करीब एक बजे शुरू हुआ बुलडोजर अभियान शाम पांच बजे तक चला। इस दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा।
यह कार्रवाई यीड़ा (YEIDA) प्राधिकरण और स्थानीय पुलिस-प्रशासन की संयुक्त टीम ने की। बरेली हाईवे (एनएच-530बी) के किनारे अधिसूचित भूमि पर बने अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया। इनमें पक्के निर्माण, बाउंड्री वॉल और एक होटल शामिल थे।
अधिकारियों के अनुसार, ध्वस्त किए गए निर्माण हाईवे की 60 मीटर अधिसूचित सीमा के भीतर थे। इन्हें पूरी तरह अवैध मानते हुए हटाया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अधिसूचित भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या बिना अनुमति निर्माण नियमों का उल्लंघन है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई स्थल पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र की घेराबंदी कर स्थिति को नियंत्रित रखा। अधिकारियों ने बताया कि अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि अवैध कब्जों और निर्माणों के खिलाफ यह अभियान जारी रहेगा। लोगों से अपील की गई है कि अधिसूचित भूमि पर निर्माण से पहले संबंधित विभाग से अनुमति अवश्य लें। बिना अनुमति के किए गए निर्माणों को भविष्य में भी हटाया जाएगा।
