![]()
उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) संविदा कर्मचारी संघ ने अपनी सेवा सुरक्षा सहित पांच सूत्रीय मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी दी है। इसे लेकर संघ के पदाधिकारियों ने अमरोहा के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) को ज्ञापन सौंपकर मांगों के शीघ्र निस्तारण की गुहार लगाई है। संघ के जनपद अध्यक्ष गिरीश कुमार गुर्जर और महामंत्री डॉ. कुलदीप शर्मा ने बताया कि प्रदेश में करीब 1.50 लाख एनएचएम संविदा कर्मचारी लंबे समय से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में नियमितीकरण, समान कार्य-समान वेतन, 10 लाख रुपये की फैमिली फ्लोटर कैशलेस स्वास्थ्य बीमा सुविधा, डीए-ईपीएफ-एचआरए का लाभ, गैर जनपद स्थानांतरण नीति की बहाली और सेवाकाल में मृत्यु होने पर आश्रित को अनुकंपा नियुक्ति या वैकल्पिक रोजगार देना शामिल है। ज्ञापन में स्पष्ट किया गया है कि मांगों के समर्थन में 5 से 7 अक्टूबर तक सभी कर्मचारी अपने कार्यस्थल पर काला फीता बांधकर सांकेतिक विरोध दर्ज कराएंगे। इसके बाद 8 से 10 अक्टूबर तक इमरजेंसी सेवाओं को छोड़कर जिला मुख्यालय पर पूर्ण रूप से कार्य बहिष्कार किया जाएगा। यदि शासन स्तर पर कोई सुनवाई नहीं होती है, तो 12 अक्टूबर से लखनऊ में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।
Source link
एनएचएम कर्मचारियों का आंदोलन:पांच सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा, अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी