बागपत में बाइक टकराने के विवाद में तलवार से हमला:दो हमलावर ने एक युवक पर हमला किया, घटना सीसीटीवी में कैद


बागपत शहर कोतवाली क्षेत्र में बाइक टकराने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि दो युवकों ने एक परिवार पर तलवार से हमला कर दिया, जिसमें एक युवक घायल हो गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, पुराना कस्बा निवासी खालिक ने शहर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उनके पुत्र सादिक और भतीजा हुजैफ घर के बाहर खेल रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें टक्कर मार दी। आरोप है कि विरोध करने पर दोनों युवकों ने सादिक और हुजैफ के साथ अभद्रता की, मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि कुछ समय बाद वही दोनों युवक दोबारा खालिक के घर पहुंचे। इस दौरान एक युवक के हाथ में दो तलवारें थीं। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए परिवार के एक युवक पर हमला कर दिया। हमले में उसकी गर्दन पर तलवार लगने से वह घायल हो गया। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हमले से जुड़ी गतिविधियां दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। घायल युवक का उपचार कराया गया है और उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। कस्बा चौकी प्रभारी शिव कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है तथा पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि तहरीर और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *