![]()
बरेली के संजयनगर में हुए अर्जुन हत्याकांड की पुलिस जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। तीन साल पुराने प्रेम संबंध का विरोध करने पर अर्जुन की हत्या कर दी गई। परिवार की प्रतिष्ठा और बहन के भविष्य को लेकर अर्जुन की नाराजगी पहले विवाद और फिर खूनी वारदात में बदल गई। बारादरी पुलिस के अनुसार, अर्जुन की बहन पलक और कुश कश्यप के बीच तीन साल से प्रेम संबंध थे। अर्जुन इस रिश्ते का विरोध करता था और उसने कई बार दोनों को अलग रहने की चेतावनी दी थी। इसी कारण दोनों पक्षों के बीच लगातार तनाव बना हुआ था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि 15 जून को हुए एक विवाद के दौरान अर्जुन ने कुश को थप्पड़ मारा था। इस सार्वजनिक अपमान का बदला लेने के लिए कुश ने अपने साथी अर्पित उर्फ पहाड़ी और कपिल के साथ मिलकर अर्जुन को सबक सिखाने की योजना बनाई। उसी रात संजयनगर स्थित मंदिर के पास अर्जुन को रोका गया और उनके बीच कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर अर्पित उर्फ पहाड़ी ने तमंचे से गोली चला दी, जिससे अर्जुन की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने पहले ही मुख्य आरोपी अर्पित उर्फ पहाड़ी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अब फरार चल रहे कुश कश्यप को डीडीपुरम पार्क के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है। तीसरे आरोपी कपिल की तलाश जारी है और पुलिस दबिश दे रही है।
Source link
बहन के प्रेम संबंध का विरोध बना मौत की वजह:अर्जुन हत्याकांड में तीन साल पुराने रिश्ते में गई जान, एक और आरोपी गिरफ्तार