मनु कुमार सिंह | प्रतापगढ़3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

प्रतापगढ़ के नगर कोतवाली क्षेत्र में सई नदी में नहाते समय एक 24 साल का युवक डूब गया। यह घटना शनिवार को पूरे ईश्वरनाथ के पास हुई। रविवार को दूसरे दिन भी NDRF की टीम उसकी तलाश में जुटी रही, लेकिन दोपहर दो बजे तक उसका कोई पता नहीं चला। पुलिस के मुताबिक, नदी में करीब पांच किलोमीटर के दायरे में खोजबीन की जा रही है।
युवक की पहचान धारूपुर कटरा निवासी 24 वर्षीय टिक्कू उर्फ दिव्यांशु यादव पुत्र मिठाई लाल के रूप में हुई है। वह शनिवार को धारूपुर निवासी रजिन्द्र गौड़ के 14 वर्षीय बेटे दीपक गौड़ और सुरेंद्र गौड़ के 12 वर्षीय बेटे प्रियांशु के साथ था। ये सभी अपने रिश्तेदार फूलचंद्र गौड़ उर्फ पुजारी के यहां निमंत्रण में पूरे ईश्वरनाथ आए थे।

रविवार सुबह NDRF के गोताखोरों ने फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
बताया गया कि दिव्यांशु गर्मी लगने की बात कहकर कपड़े उतारकर सई नदी में नहाने चला गया। जब वह काफी देर तक नदी से बाहर नहीं आया, तो दोनों किशोर परेशान हो गए। उन्होंने तुरंत परिजनों को इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से नदी में उसकी तलाश शुरू की गई, लेकिन देर रात तक उसका कोई सुराग नहीं मिला। रविवार सुबह NDRF के गोताखोरों ने फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस के अनुसार, नदी में करीब पांच किलोमीटर तक युवक की तलाश जारी है।
