बदायूं में डिवाइडर से टकराई बाइक:हरदोई के युवक की मौत, दो घायल, लुधियाना जा रहे थे


बदायूं में एक सड़क हादसे में हरदोई निवासी 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा वजीरगंज थाना क्षेत्र में उस समय हुआ जब बाइक डिवाइडर से टकरा गई। मृतक की पहचान हरदोई जिले के कासिमपुर थाना क्षेत्र के गांव खौदा खेड़ा निवासी सूरज कुमार गौतम पुत्र प्यारेलाल के रूप में हुई है। सूरज पंजाब के लुधियाना में एक जूते के शोरूम में कार्यरत था। वह 26 जून को अपने घर आया था। शनिवार देर रात वह अपने मौसेरे भाई सुरेंद्र पुत्र शिवराम और दोस्त दिलीप पुत्र जगतपाल (निवासी मीनिया खेड़ा) के साथ बाइक से लुधियाना वापस जा रहा था। पुलिस के अनुसार, वजीरगंज थाना क्षेत्र के बनकोटा के पास बाइक चलाते समय सूरज को नींद की झपकी आ गई। इससे बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि सूरज की मौके पर ही मौत हो गई। सुरेंद्र और दिलीप को गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर वजीरगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए वजीरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा और सूरज के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में मातम छा गया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *