![]()
बदायूं जेल में डकैती के आरोप में बंद एक विचाराधीन कैदी की शुक्रवार देर शाम करीब 7 बजे मौत हो गई। कैदी संभल जिले का निवासी था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दे दी है। कैदी की पहचान संभल के बनियाठेर थाना क्षेत्र के जनेटा गांव निवासी 58 वर्षीय ओमवीर पुत्र मोहर सिंह के रूप में हुई है। ओमवीर को इस्लामनगर थाना क्षेत्र में 19 मई को हुई लूट और डकैती के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने उसे 25 मई को एक मुठभेड़ के बाद पकड़ा था और 26 मई को न्यायिक हिरासत में बदायूं जिला कारागार भेजा था। जेलर मोहम्मद खालिद ने बताया कि ओमवीर लंबे समय से लीवर की गंभीर बीमारी से पीड़ित था। मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार, उसका लीवर लगभग 80 प्रतिशत क्षतिग्रस्त हो चुका था। उसका इलाज पहले लखनऊ के एक अस्पताल में भी हुआ था। शुक्रवार को उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने पर जेल अधिकारियों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कैदी की मौत के बाद शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। जेल प्रशासन ने परिजनों को सूचित कर दिया है। परिजनों के पहुंचने के बाद नियमानुसार शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और उन्हें सौंप दिया जाएगा। जेलर ने यह भी बताया कि तबीयत बिगड़ने पर कैदी को बिना किसी देरी के अस्पताल भेजा गया था। मौत से संबंधित सभी आवश्यक अभिलेख तैयार किए जा रहे हैं। पुलिस ने भी इस मामले में औपचारिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मौत के सही कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी।
Source link
बदायूं जेल में डकैती के आरोपी बंदी की मौत:25 मई को मुठभेड़ में पकड़ा गया था, लीवर की बीमारी से पीड़ित था