![]()
झांसी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र की रेलवे कॉलोनी में शुक्रवार रात करीब 10 बजे एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर पहले पेड़ और फिर बिजली के खंभे से जा टकराया। हादसे में ट्रक चालक केबिन के अंदर स्टेयरिंग और सीट के बीच बुरी तरह फंस गया। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने उसे निकालने की काफी कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। आखिरकार पुलिस ने ट्रैक्टर की मदद से ट्रक को खींचकर चालक को बाहर निकाला और गंभीर हालत में जिला अस्पताल भिजवाया। घटना की 3 तस्वीर देखिए… हादसे में घायल चालक की पहचान पवन निवासी धौलपुर (राजस्थान) के रूप में हुई है। वह ट्रक संख्या RJ 11 GD 5122 से आगरा से रेलवे कोच नवीनीकरण फैक्ट्री (आरसीएफ) के लिए माल लेकर शुक्रवार सुबह झांसी आया था। माल उतारने के बाद रात में नो-एंट्री खुलने पर वह हेल्पर के साथ वापस आगरा के लिए रवाना हुआ था। स्कूटी सवार महिला को बचाने में हुआ हादसा बताया जा रहा है कि केंद्रीय विद्यालय नंबर-3 से सीपरी बाजार जाने वाले रोड पर जीआरपी रिजर्व लाइन से करीब 500 मीटर आगे अचानक सामने एक महिला स्कूटी लेकर आ गई। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने ट्रक को तेज़ी से मोड़ा, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पहले सड़क किनारे पेड़ और फिर बिजली के खंभे से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चालक पवन स्टेयरिंग और सीट के बीच बुरी तरह फंस गया। उसका बायां पैर केबिन के हिस्से और बोनट में दब गया, जिससे पैर में कई जगह फ्रैक्चर हो गए। ट्रैक्टर की मदद से निकाला गया चालक सूचना मिलते ही प्रेमनगर थाना पुलिस और 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। राहगीरों और पुलिसकर्मियों ने काफी देर तक चालक को बाहर निकालने का प्रयास किया। यहां तक कि एम्बुलेंस की रस्सी बांधकर भी उसे निकालने की कोशिश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने ट्रैक्टर मंगवाया। ट्रैक्टर की मदद से ट्रक के अगले हिस्से को खींचकर केबिन में जगह बनाई गई, जिसके बाद करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला जा सका। गंभीर रूप से घायल पवन को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया। दर्द से तड़पता रहा चालक प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक करीब एक घंटे तक केबिन में फंसा रहा। इस दौरान वह दर्द से तड़पते हुए लोगों से खुद को बचाने की गुहार लगाता रहा। पुलिस और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से आखिरकार उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
Source link
झांसी में ट्रक पेड़ और बिजली के खम्भे से टकराया:एक घण्टे तक केबिन में फंसा रहा ड्राइवर, महिला को बचाने में हुआ हादसा