स्कूल बस ने बाइक सवार परिवार को रौंदा, 3 मौत:सुल्तानपुर में पति-पत्नी और बेटे की मौत; चालक फरार


सुल्तानपुर में अखंडनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को तेज रफ्तार स्कूल बस ने बाइक सवार पति-पत्नी और उनके बेटे को टक्कर मार दी। हादसा अलीपुर बाजार के पास हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि 20 वर्षीय बेटे अजय की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल पिता राम लवट (55) और मां दुर्गावती (50) ने अंबेडकरनगर जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुल्तानपुर भेज दिया है। अलीपुर गांव निवासी राम लवट अपनी पत्नी दुर्गावती और बेटे अजय के साथ बाइक से जा रहे थे। अलीपुर बाजार के पास शिवरात सिंह एकेडमी चिल्ड्रन स्कूल की बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में अजय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राम लवट और दुर्गावती गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अंबेडकरनगर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी भी मौत हो गई। पिता नाली बेचते थे, बेटा चलाता था ई-रिक्शा राम लवट नाली बेचने का काम करते थे। उनके पास थोड़ी जमीन भी थी। उनका बेटा अजय बैटरी वाला रिक्शा चलाता था। परिवार में चार बेटियां हैं। इनमें शिवांगी (22), प्रिया (17), नंदिनी (15) और रिया (13) शामिल हैं। एक साथ माता-पिता और भाई की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
बस चालक हादसे के बाद फरार, पुलिस जुटा रही जानकारी हादसे के बाद स्कूल बस चालक बस लेकर मौके से भाग गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अखंडनगर थाना प्रभारी धीरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। पुलिस दुर्घटना की वजह और बस चालक के बारे में जानकारी जुटा रही है। परिवार की तहरीर पर होगी कानूनी कार्रवाई, गांव में मातम एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत की खबर से अलीपुर गांव और आसपास के इलाके में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सीओ कादीपुर विनय गौतम ने बताया कि परिवार से तहरीर ली जा रही है। तहरीर के आधार पर मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *