![]()
गोंडा जेल में बंद प्रेमी से मिलने पहुंची नाबालिग प्रेमिका को शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे जेल गेट पर चेकिंग के दौरान हिरासत में लिया गया। उसके बैग से पिस्टल के 10 कारतूस और फर्जी आधार कार्ड मिला। जेल प्रशासन ने लड़की को नगर कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जेल गेट पर चेकिंग में हुआ खुलासा शुक्रवार दोपहर जेल के मेन गेट पर तलाशी के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने लड़की के बैग की जांच की। तलाशी में पिस्टल के 10 कारतूस और एक आधार कार्ड मिला। जेल अधीक्षक मृत्युंजय पांडेय को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचकर उन्होंने लड़की से पूछताछ की और बाद में उसे नगर कोतवाली पुलिस को सौंप दिया। पॉक्सो मामले में बंद है प्रेमी प्राथमिक जांच में सामने आया कि किशोरी का प्रेमी हर्षु कश्यप नगर कोतवाली क्षेत्र के छेदीपुरवा का रहने वाला है और उसी किशोरी से जुड़े पॉक्सो एक्ट के मामले में गोंडा मंडलीय कारागार में निरुद्ध है। किशोरी उसी से मुलाकात करने जेल पहुंची थी। जेल प्रशासन के अनुसार, बरामद आधार कार्ड पर किशोरी का नाम ‘वैष्णवी’ दर्ज था, जबकि पूछताछ में उसका वास्तविक नाम अलग पाया गया। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को सूचना दी गई। पिता बोले- लाइसेंसी पिस्टल के कारतूस चोरी किए थे पूछताछ के दौरान जेल अधीक्षक ने लड़की के पिता को बुलाया। उन्होंने बताया कि बरामद कारतूस उनकी लाइसेंसी पिस्टल के हैं, जिन्हें उनकी बेटी घर से चोरी कर ले गई थी। पिता ने यह भी कहा कि वह बेटी के व्यवहार से काफी परेशान हैं। पुलिस कर रही पूरे मामले की जांच जेल अधीक्षक मृत्युंजय पांडेय ने बताया कि चेकिंग के दौरान किशोरी को कारागार गेट पर पकड़ा गया था। उसके पास मिले कारतूस और फर्जी आधार कार्ड के संबंध में नगर कोतवाली पुलिस को कार्रवाई के लिए सौंप दिया गया है। नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने कहा कि किशोरी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। बरामद कारतूस, फर्जी आधार कार्ड और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
प्रेमी से मिलने जेल पहुंची, बैग में मिले 10 कारतूस:पिता की लाइसेंसी पिस्टल की है गोली, घर से चुराकर लाई थी