![]()
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) में परीक्षा फॉर्म में अतिरिक्त फीस जुड़ने को लेकर छात्रों ने मंगलवार को विरोध किया। छात्र संघ के पूर्व महामंत्री अंकित अधाना ने कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला से मिलकर इसकी शिकायत की। उन्होंने फीस से जुड़े सबूत भी कुलपति को दिए और पोर्टल संचालित करने वाली एजेंसी की जांच कराने की मांग की। यूजी के पांचवें सेमेस्टर के फॉर्म में शुरुआती तीन दिन ₹800 प्रोजेक्ट फीस अतिरिक्त जुड़कर आ रही थी। छात्रों के विरोध के बाद यह फीस हटा दी गई। हालांकि, तब तक हजारों छात्र फॉर्म भरकर फीस जमा कर चुके थे। छात्रों का कहना है कि यह राशि अभी वापस नहीं हुई है। उनकी मांग है कि फीस वापसी के लिए ऑनलाइन व्यवस्था की जाए, ताकि छात्रों को विश्वविद्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। वहीं, पीजी के बैक पेपर फॉर्म में भी ₹78 अतिरिक्त जुड़ रहे थे। इसमें ₹60 खेल शुल्क, ₹10 रोवर्स-रेंजर्स और ₹8 सांस्कृतिक गतिविधि शुल्क शामिल था। छात्रों ने इसे नियमों के खिलाफ बताते हुए शिकायत की। हालांकि, मंगलवार शाम तक विश्वविद्यालय ने पीजी बैक फॉर्म की फीस ठीक कर दी। अब फीस ₹1200 हो गई है और पहले जुड़ रहे अतिरिक्त ₹78 हटा दिए गए हैं। अंकित अधाना ने परीक्षा फीस का पूरा आधिकारिक ढांचा सार्वजनिक करने की भी मांग की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने कुलसचिव अजय कृष्ण यादव को जांच कराने और छात्रों से ली गई अतिरिक्त फीस वापस करने के निर्देश दिए हैं। अंकित अधाना ने कहा कि पहले भी परीक्षा फॉर्म में अतिरिक्त फीस लिए जाने की शिकायतें हुई हैं। इस बार परीक्षा शुल्क में पहले ही 10% बढ़ोतरी की गई है। इसके बाद भी अतिरिक्त फीस जोड़ना छात्रों पर बोझ है। प्रतिनिधिमंडल में रवि मावी प्रधान, एएन मलिक, अनुज गुर्जर समेत कई छात्र मौजूद रहे।
Source link
CCSU में छात्रों से ली जा रही थी अतिरिक्त फीस:कुलपति ने जांच और फीस वापस करने के दिए निर्देश, विरोध के बाद ठीक हुई पीजी फीस