डंपर के पिछले पहिए के नीचे आया रिटायर्ड फौजी, मौत:मथुरा में गिट्टियों के कारण बाइक फिसली; ओवरटेक करते समय हुआ हादसा


मथुरा के महावन में शुक्रवार शाम सड़क हादसे में रिटायर्ड फौजी की मौत हो गई। वे बाइक से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान गिट्टियों के कारण बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। वे सड़क निर्माण में लगे डंपर के पिछले पहिए के नीचे आ गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव सराय दाऊद निवासी विक्रम सिंह (45) पुत्र रामगोपाल सिंह के रूप में हुई है। वे सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद औरंगाबाद पावर हाउस में काम कर रहे थे। डंपर को ओवरटेक करते समय फिसली बाइक जानकारी के अनुसार, विक्रम सिंह शुक्रवार शाम करीब 6 बजे मोटरसाइकिल से मथुरा टाउनशिप स्थित कृष्णापुरम कॉलोनी अपने घर जा रहे थे। महावन-सादाबाद मार्ग पर इन दिनों सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है। सड़क के दोनों तरफ खुदाई के साथ गिट्टियां बिछाई जा रही हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पैंठ के पास विक्रम सिंह निर्माण कार्य में लगे डंपर को ओवरटेक करने लगे। इसी दौरान सड़क पर बिखरी गिट्टियों पर बाइक फिसल गई। संतुलन बिगड़ने से वह डंपर के पिछले पहियों के नीचे आ गए। मौके पर जुटी भीड़, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण और राहगीर जमा हो गए। सूचना पर महावन थाना पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के कारण कुछ देर तक यातायात भी प्रभावित रहा। ग्राम प्रधान योगेश गौतम ने बताया कि विक्रम सिंह मूल रूप से सराय दाऊद गांव के रहने वाले थे। वह परिवार के साथ मथुरा टाउनशिप की कृष्णापुरम कॉलोनी में रहते थे। महावन थाना प्रभारी चेतराम शर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *