प्रयागराज के स्कूल में शिक्षिकाओं ने की मारपीट:बीएसए ने किया निलंबित, चाका ब्लॉक के बगबना में तैनाती; पहले भी हुई थी झड़प


प्रयागराज के चाका विकास खंड के उच्च प्राथमिक विद्यालय बगबना में बुधवार को दो शिक्षिकाओं के बीच जमकर मारपीट हुई। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों और प्रधान ने मामला शांत कराया। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए बीएसए अनिल कुमार ने दोनों शिक्षिकाओं को तुरंत निलंबित कर दिया है। उन्हें बीईओ कार्यालय से संबद्ध किया गया है और जांच बीईओ को सौंपी गई है। चाका ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय बगबना में सहायक अध्यापिका सबा रिजवी और पुष्पा चंद्रौल के बीच 9 सितंबर को किसी बात पर तीखी झड़प और मारपीट हुई थी। इससे पहले 13 अगस्त 2026 को भी दोनों के बीच ऐसी ही कहासुनी हुई थी। तब बीएसए ने विद्यालय में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए थे। हालांकि, कैमरे लगने से पहले ही यह दूसरी घटना हो गई, जिससे विभाग की कार्यशैली और विद्यालय के अनुशासन पर सवाल उठ गए हैं। विवाद के दौरान जब ग्राम प्रधान और ग्रामीण बीच-बचाव करने पहुंचे, तो शिक्षिकाओं ने उनके साथ भी गलत शब्दों का इस्तेमाल किया। सूचना पर डायल 112 के पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे थे। इस झगड़े के कारण विद्यालय का पठन-पाठन और पढ़ाई का माहौल बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। स्थिति यह है कि सत्र 2025-26 में विद्यालय में 58 छात्र थे, जो अब घटकर 45 रह गए हैं। निरीक्षण के दिन 45 में से सिर्फ 7 छात्र ही मौजूद मिले। ग्रामवासियों और प्रधान की शिकायत के साथ-साथ प्रशासनिक रिपोर्ट के आधार पर बीएसए ने इसे उत्तर प्रदेश सरकारी कर्मचारी आचरण नियमावली-1956 का उल्लंघन माना है। दोनों निलंबित शिक्षिकाओं को बीईओ कार्यालय से संबद्ध करते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई की पूरी जांच खंड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय प्रयागराज को सौंप दी गई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *