![]()
प्रयागराज के सिविल लाइंस में पार्किंग की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। बाजार में आने वाले लोगों को सड़क किनारे वाहन खड़े करने पड़ रहे हैं, जिससे कई जगह जाम की स्थिति बनती है। दूसरी ओर सिविल लाइंस की मल्टीलेवल पार्किंग अपनी पूरी क्षमता से इस्तेमाल नहीं हो पा रही है। व्यापारियों का कहना है कि यदि इस पार्किंग को व्यवस्थित कर पूरी क्षमता से चलाया जाए तो सिविल लाइंस में पार्किंग की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है। व्यापारियों ने किया मल्टीलेवल पार्किंग का निरीक्षण
इन्हीं समस्याओं की वास्तविक स्थिति देखने के लिए बुधवार को सिविल लाइंस व्यापार मंडल के सदस्यों ने मल्टीलेवल पार्किंग का निरीक्षण किया। व्यापारी पार्किंग पहुंचे और संचालन करने वाली एजेंसी के प्रबंधक से मुलाकात की। इस दौरान पार्किंग की स्थिति, प्रवेश मार्ग, लिफ्ट, फर्श और वाहनों की पार्किंग व्यवस्था देखी गई। आधी क्षमता में भी नहीं खड़ी हो रहीं गाड़ियां
मल्टीलेवल पार्किंग में क्षमता के मुकाबले करीब आधी गाड़ियां ही खड़ी मिलीं। इनमें भी अधिकतर वाहन लंबे समय से खड़े बताए गए। व्यापारियों का कहना है कि पार्किंग का सही इस्तेमाल न होने की वजह से इसका उद्देश्य पूरा नहीं हो पा रहा है। अगर यहां आने-जाने की व्यवस्था और दूसरी जरूरी सुविधाएं ठीक कर दी जाएं तो बड़ी संख्या में वाहन यहां पार्क किए जा सकते हैं।
खराब है पार्किंग तक पहुंचने वाला रास्ता
मल्टीलेवल पार्किंग का संचालन करने वाली एजेंसी के प्रबंधक ने व्यापारियों को बताया कि पार्किंग तक पहुंचने वाला रास्ता खराब है। सड़क पर जगह-जगह पानी भरा है और गड्ढे हैं। इससे वाहन लेकर पार्किंग तक पहुंचने में लोगों को परेशानी होती है। पार्किंग परिसर के अंदर भी सड़क की स्थिति ठीक नहीं मिली। प्रथम तल के फर्श पर डेढ़ फुट तक के गड्ढे
निरीक्षण के दौरान प्रथम तल के फर्श पर भी कई जगह बड़े गड्ढे दिखाई दिए। इनकी गहराई करीब छह इंच से लेकर डेढ़ फुट तक बताई गई। व्यापारियों का कहना है कि पार्किंग में आने वाले वाहन चालकों के लिए इस तरह के गड्ढे परेशानी और दुर्घटना का कारण बन सकते हैं।
लिफ्ट खराब होना भी बड़ी समस्या
पार्किंग की लिफ्ट खराब होने को भी बड़ी समस्या बताया गया। दूसरी, तीसरी, चौथी और पांचवीं मंजिल पर वाहन खड़ा करने वाले लोगों को नीचे आने के लिए सीढ़ियों का इस्तेमाल करना पड़ता है। इससे लोग ऊपरी मंजिलों पर वाहन खड़ा करने से बचते हैं। व्यापारियों का कहना है कि लिफ्ट ठीक होने पर पार्किंग की क्षमता का बेहतर इस्तेमाल हो सकेगा।
तीनों रास्तों पर खड़े मिले वाहन
मल्टीलेवल पार्किंग में आने-जाने के तीन रास्ते बताए गए हैं। निरीक्षण के दौरान इन रास्तों पर ही वाहन खड़े मिले। इससे पार्किंग में प्रवेश का रास्ता भी बाधित था। व्यापारियों का कहना है कि प्रवेश और निकास के रास्ते पूरी तरह खाली रहने चाहिए, ताकि वाहन आसानी से अंदर और बाहर जा सकें। रास्ते में नहीं दिखते साइन बोर्ड
मल्टीलेवल पार्किंग की एक और बड़ी समस्या इसके संकेतक बोर्डों की कमी है। प्रमुख रास्तों पर पार्किंग की दिशा बताने वाले पर्याप्त साइन बोर्ड नहीं मिले। इसके कारण बाहर से आने वाले लोगों को पार्किंग की जानकारी नहीं हो पाती। व्यापारियों का कहना है कि मुख्य मार्गों और चौराहों पर स्पष्ट साइन बोर्ड लगाए जाने चाहिए, ताकि वाहन चालकों को पार्किंग तक पहुंचने में परेशानी न हो।
व्यापार मंडल नगर निगम से करेगा वार्ता
सिविल लाइंस व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुशील खरबंदा और महामंत्री शिव शंकर सिंह ने कहा कि मल्टीलेवल पार्किंग की इन कमियों को दूर कराने के लिए नगर निगम के अधिकारियों से जल्द वार्ता की जाएगी। शासन-प्रशासन के अधिकारियों को भी समस्याओं से अवगत कराया जाएगा। व्यापार मंडल का कहना है कि पार्किंग को पूरी क्षमता से शुरू कराया गया तो सिविल लाइंस में सड़क पर खड़े होने वाले वाहनों की संख्या कम होगी और यातायात व्यवस्था में भी सुधार आएगा।
इस दौरान वरिष्ठ उपाध्यक्ष आशीष अरोड़ा, रितेश सिंह, संदीप कटयाल, राजकमल जायसवाल, अनिल सुनेजा, मेघराज यादव, कैलाश करेरा, विजय आडवानी, शेख डाबर, वकील मयंक राय, सिकंदर अली समेत कई व्यापारी मौजूद रहे।
Source link
आधी क्षमता में भी नहीं चल रही मल्टीलेवल पार्किंग:प्रयागराज में लिफ्ट खराब, रास्ते पर गड्ढे और पानी; पार्किंग के रास्तों पर ही खड़े मिले वाहन, साइन बोर्ड भी नहीं