पूर्व सभासद की हत्या का आरोपी गिरफ्तार:बरेली में पैतृक संपत्ति के विवाद में बड़े भाई को छत से धक्का दिया


बरेली के किला थाना क्षेत्र में पैतृक संपत्ति को लेकर हुए विवाद में पूर्व सभासद सूर्य प्रकाश गुप्ता की मौत के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी विष्णु गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि विवाद के दौरान सूर्य प्रकाश को छत से धक्का दे दिया गया था, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को घटना के एक दिन बाद रामपुर रोड स्थित शिया कब्रिस्तान क्षेत्र से दबोच लिया। भाई ने दर्ज कराया हत्या का मुकदमा
गढ़ी चौकी निवासी आशुतोष गुप्ता ने किला थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके चाचा विष्णु गुप्ता और अन्य परिजन घर में घुस आए थे। इस दौरान गाली-गलौज और मारपीट हुई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर उनके पिता सूर्य प्रकाश गुप्ता को छत से नीचे धक्का दे दिया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ में कबूला विवाद का कारण
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी विष्णु गुप्ता ने बताया कि मृतक उसका बड़ा भाई था और पैतृक मकान के बंटवारे को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। चार जून को इसी मुद्दे पर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोपी ने घटना पर पछतावा भी जताया है। अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, मामले में नामजद अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *