![]()
संगम नगरी प्रयागराज में ज्येष्ठ मास के पांचवें मंगलवार को बंधवा स्थित प्रसिद्ध लेटे हुए बड़े हनुमान मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह मंगला आरती से पहले ही मंदिर परिसर में लंबी कतारें लग गईं, जहां भक्तों में बजरंगबली के दर्शन और पूजन को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। मंगलवार भोर में मंदिर के महंत बलबीर गिरी महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बड़े हनुमान जी का अभिषेक किया। यह अभिषेक गंगाजल, दूध, हल्दी, शहद और अन्य पवित्र सामग्री से किया गया। इसके उपरांत फल, फूल, मेवा और विशेष वस्त्रों से भगवान का भव्य शृंगार हुआ। घंट-घड़ियाल, शंख और नगाड़ों की गूंज के बीच मंगला आरती संपन्न हुई। इसके बाद दर्शन के लिए मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। मंदिर परिसर को भी फूलों से सजाया गया था। भय, रोग, संकट हरते बजरंगबली धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, ज्येष्ठ मास में पड़ने वाले मंगलवार भगवान हनुमान की विशेष आराधना के लिए अत्यंत शुभ माने जाते हैं। ऐसी मान्यता है कि इस महीने में बजरंगबली के दर्शन, पूजा, हनुमान चालीसा और सुंदरकांड का पाठ करने से भय, रोग, संकट और नकारात्मक शक्तियों से मुक्ति मिलती है। श्रद्धालु यह भी मानते हैं कि ज्येष्ठ के मंगलवार को बड़े हनुमान जी के दर्शन करने से सुख-समृद्धि, आरोग्य और मनोकामनाओं की पूर्ति का आशीर्वाद प्राप्त होता है। हनुमान चालीसा और सुंदरकांड पाठ का सिलसिला जारी मंदिर परिसर में सुबह से ही हनुमान चालीसा और सुंदरकांड पाठ का सिलसिला लगातार जारी रहा। दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने परिवार की खुशहाली, निरोग जीवन और सुख-समृद्धि की कामना करते हुए बजरंगबली के चरणों में मत्था टेका। मंदिर प्रशासन के अनुसार, पूरे दिन दर्शन-पूजन का क्रम जारी रहेगा। शाम को भगवान बड़े हनुमान जी को विशेष छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। ज्येष्ठ मास के इस विशेष अवसर पर पूरा मंदिर परिसर भक्तिरस और ‘जय श्रीराम’ के जयकारों से गूंजता रहा।
Source link
ज्येष्ठ के पांचवें मंगलवार पर हनुमतधामों में उमड़ी आस्था:प्रयागराज में बड़े हनुमान जी का विशेष श्रंगार, हजारों श्रद्धालु पहुंचे