जौनपुर में 41 डिग्री तापमान, भीषण गर्मी जारी:अस्पताल में मरीजों की भीड़ बढ़ी, बिजली संकट गहराया


जौनपुर में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। सोमवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से तीन-चार डिग्री अधिक है। तीखी धूप और उमस भरी पुरवा हवाओं ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। पंखे और कूलर भी बेअसर साबित हो रहे हैं, जिसके चलते दोपहर के समय लोग घरों से निकलने से बच रहे हैं। सड़कों पर भीड़भाड़ कम दिखाई दे रही है। गर्मी के कारण संक्रामक रोगों का प्रकोप बढ़ गया है। जिला चिकित्सालय में प्रतिदिन 1500 से 1700 मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। 4 तस्वीरें देखिए- इनमें डायरिया, बुखार, सांस संबंधी समस्याएं, उल्टी, दस्त और आंखों की एलर्जी के मरीज प्रमुख हैं। डी-हाइड्रेशन और एलर्जिक कंजक्टिवाइटिस के मामले भी सामने आ रहे हैं, जिससे कमजोर वर्ग के लोग अधिक प्रभावित हो रहे हैं। जून महीने में बढ़ती गर्मी के साथ जिले में बिजली की मांग ने भी सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। बिजली की इस अत्यधिक मांग के कारण विभाग का तकनीकी ढांचा प्रभावित हो रहा है। अचानक बढ़ी ओवरलोडिंग के कारण सब-स्टेशनों और ट्रांसफार्मरों पर दबाव काफी बढ़ गया है। इसका सीधा असर बिजली आपूर्ति पर पड़ रहा है, जिससे शहर से लेकर गांव तक बिजली संकट गहरा गया है। नगर में चौबीस घंटे के दौरान 15 से 20 बार ट्रिपिंग हो रही है। लोकल फाल्ट और फ्यूज उड़ने की घटनाओं के कारण लोगों को कई-कई घंटे बिना बिजली के रहना पड़ रहा है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *