फिरोजाबाद हाईवे पर कार डिवाइडर से टकराई, 4 घायल:बाहर निकलते ही कार में लगी आग, ड्राइवर को झपकी आने से हुआ हादसा


फिरोजाबाद। मक्खनपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह 10 बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से जुड़े हाईवे पर एक कार डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में कार सवार चार लोग घायल हो गए। गनीमत रही कि सभी यात्री समय रहते कार से बाहर निकल गए, क्योंकि टक्कर के कुछ ही देर बाद कार में भीषण आग लग गई। जानकारी के अनुसार, यह कार सिरसागंज से आगरा की ओर जा रही थी। इसमें सिरसागंज निवासी विमल कुमार (पुत्र शैतान सिंह), उनकी पत्नी विनीता, इटावा निवासी पारुल (पुत्री सुंदर सिंह) और सिरसागंज निवासी विकास (पुत्र राजेश कुमार) सवार थे। बताया गया कि मक्खनपुर क्षेत्र में हाईवे पर पहुंचते ही चालक को अचानक झपकी आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया। अनियंत्रित कार डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चारों लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के तुरंत बाद सभी यात्री किसी तरह कार से बाहर निकलने में सफल रहे। इसके कुछ ही क्षण बाद कार में आग लग गई और देखते ही देखते पूरा वाहन जलकर खाक हो गया। हाईवे पर जलती कार देखकर राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। थाना मक्खनपुर प्रभारी निरीक्षक चमन शर्मा ने बताया कि कार डिवाइडर से टकराने के बाद उसमें आग लग गई थी। हादसे में घायल हुए चारों लोगों को अस्पताल भेज दिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *