छह महीने बाद फिर लगी डॉ. सुशीला तिवारी की प्रतिमा:ग्रीन कॉरिडोर निर्माण में हटाई गई थी:


लखनऊ में ग्रीन कॉरिडोर निर्माण के दौरान निशातगंज स्थित स्मृति चौक से हटाई गई पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी की पत्नी स्वर्गीय डॉ. सुशीला तिवारी की प्रतिमा करीब छह महीने बाद दोबारा स्थापित कर दी गई है। प्रतिमा को लेकर उठ रहे सवालों और जनप्रतिनिधियों की मांग के बीच लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने इसे पुनः उसी स्थान पर लगवा दिया। जानकारी के अनुसार, गोमती नदी पर स्थित निशातगंज पुल के एक छोर पर बने स्मृति चौक पर करीब तीन दशक पहले डॉ. सुशीला तिवारी की प्रतिमा स्थापित की गई थी। ग्रीन कॉरिडोर परियोजना के तहत चौराहे के पुनर्निर्माण के दौरान लगभग छह महीने पहले प्रतिमा को हटाया गया था। उस समय अधिकारियों की ओर से आश्वासन दिया गया था कि नया चौराहा बनने के बाद प्रतिमा को पुनः स्थापित कर दिया जाएगा। मार्च में ग्रीन कॉरिडोर और नव विकसित चौराहे का लोकार्पण भी हो गया, लेकिन प्रतिमा नहीं लगाए जाने से स्थानीय स्तर पर चर्चा शुरू हो गई थी। इस बीच विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों की ओर से भी प्रतिमा को दोबारा स्थापित करने की मांग उठाई गई। प्रदेश महिला कांग्रेस की मध्य जोन अध्यक्ष एवं कांग्रेस पार्षद दल की नेता ममता चौधरी तथा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव एवं पार्षद मुकेश सिंह चौहान ने इस मुद्दे को उठाते हुए कहा था कि चौराहे का निर्माण पूरा होने और लोकार्पण के बाद भी प्रतिमा न लगना कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने एलडीए से तत्काल प्रतिमा पुनर्स्थापित करने की मांग की थी। मामले के तूल पकड़ने के बाद एलडीए ने निशातगंज स्थित स्मृति चौक पर डॉ. सुशीला तिवारी की प्रतिमा दोबारा स्थापित करा दी। प्रतिमा लगने के बाद स्थानीय लोगों और समर्थकों ने संतोष जताया है। अब स्मृति चौक एक बार फिर अपने पुराने स्वरूप में नजर आने लगा है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *