आम तोड़ते समय पेड़ से गिरे बुजुर्ग, 45 टांके लगे:कटीले तारों में फंसकर गंभीर घायल, दोनों पैर बुरी तरह जख्मी हुए


हरदोई जनपद में आम तोड़ते समय पेड़ से गिरे एक बुजुर्ग खेत के किनारे लगे प्रतिबंधित कटीले तारों में फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना में बुजुर्ग के दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद डॉक्टर को आपातकालीन स्थिति में 45 टांके लगाने पड़े। यह घटना हरियावां थाना क्षेत्र के पीला महुआ गांव की है। गांव निवासी 60 वर्षीय किसान इसरायल मंगलवार दोपहर अपने बाग में आम तोड़ने के लिए पेड़ पर चढ़े थे। उनके पुत्र आसिफ ने बताया कि आम तोड़ने के बाद जब इसरायल पेड़ से नीचे उतर रहे थे, तभी उनका पैर फिसल गया। संतुलन बिगड़ने के कारण वह सीधे नीचे गिरे और पड़ोसी किसान उस्मान के खेत की बाड़ पर जा फंसे। इस बाड़ में लोहे के तीखे कटीले तार लगे हुए थे। पेड़ से गिरते ही इसरायल इन कटीले तारों के बीच बुरी तरह फंस गए। उनकी चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने बड़ी मुश्किल से इसरायल को तारों से अलग किया, तब तक उनके दोनों पैरों से खून बह रहा था। घायल इसरायल को तुरंत हरियावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टर ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर ने आपातकालीन ऑपरेशन थियेटर में उनके दोनों पैरों की सर्जरी की और कुल 45 टांके लगाए। वर्तमान में बुजुर्ग की हालत गंभीर बनी हुई है। नियमों के अनुसार, खेतों या बागों के आसपास ऐसे कटीले और ब्लेडदार तारों का उपयोग प्रतिबंधित है। इसके बावजूद कई स्थानों पर इनका धड़ल्ले से इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे मवेशियों के साथ-साथ इंसानों को भी खतरा होता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे प्रतिबंधित कटीले तारों को हटाने की मांग की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *