आगरा में अधिवक्ताओं ने कांग्रेसीयों संग किया प्रर्दशन:दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज का किया विरोध, विपक्षियों के साथ हुई पुलिस कार्रवाई की भी निंदा की


नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर पेपर लीक मामले को लेकर हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई के विरोध में शनिवार को आगरा में राजीव गांधी बार एसोसिएशन के बैनर तले अधिवक्ताओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की। राजीव गांधी बार एसोसिएशन के तत्वावधान में भारत माता चौराहे पर अधिवक्ताओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जंतर-मंतर पर पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा बल प्रयोग किए जाने का विरोध जताया। साथ ही उन्होंने विपक्ष के नेताओं राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अखिलेश यादव के साथ कथित पुलिस कार्रवाई की भी निंदा की। धरने के बाद एसोसिएशन के अध्यक्ष रमाशंकर शर्मा के नेतृत्व में राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन हरी पर्वत थाने के प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार सिंह को सौंपा गया। ज्ञापन में प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि छात्रों पर लाठीचार्ज, आंसू गैस और रबर बुलेट का इस्तेमाल किया गया, जिससे कई छात्र-छात्राएं घायल हुए। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में केंद्र सरकार की विभिन्न नीतियों और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों का भी उल्लेख किया गया। प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की और राष्ट्रपति से इस संबंध में उचित कदम उठाने का अनुरोध किया। धरना स्थल पर प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राम टंडन, दुर्ग विजय सिंह, एडवोकेट सुरेंद्र, आर.एस. मौर्य, अधर शर्मा, मुकेश शर्मा, उमेश जोशी, सुखबीर सिंह चौहान, अहमद हसन, विष्णु दत्त शर्मा, प्रदीप चंसोलिया, नवीन गर्ग, पवन कुमार शर्मा सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन एडवोकेट उमेश जोशी ने किया। हरी पर्वत के प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार सिंह ने ज्ञापन प्राप्त कर प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि इसे नियमानुसार संबंधित स्तर पर भेजा जाएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *