मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य कर्मियों को 2 माह से वेतन:ओपीडी के बाहर प्रदर्शन कर प्राचार्य से वेतन दिलाने की मांग की, मिला आश्वासन


एटा के मेडिकल कॉलेज में कार्यरत दर्जनों स्वास्थ्य कर्मियों ने ओपीडी के बाहर प्रदर्शन किया। उन्हें पिछले दो महीने से वेतन नहीं मिला है, जिसके कारण उनमें आक्रोश है। कर्मचारियों ने नारेबाजी भी की और मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य को लिखित प्रार्थना पत्र सौंपा। प्राचार्य डॉ. बलबीर सिंह ने स्वास्थ्य कर्मियों को जल्द वेतन दिलाने का आश्वासन दिया है। इस दौरान करीब दो दर्जन से अधिक महिला स्टाफ नर्स, वार्ड बॉय, सफाई कर्मचारी और अन्य आउटसोर्स कर्मचारी मौजूद थे। सभी अपनी मेहनत की कमाई दिलाने की मांग कर रहे थे। आउटसोर्स स्वास्थ्य कर्मी नीरज लोधी ने बताया कि वे अपनी सैलरी की मांग को लेकर इकट्ठा हुए हैं। उन्हें जुलाई और अगस्त का वेतन नहीं मिला है, जबकि सितंबर चल रहा है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन और जन्माष्टमी जैसे त्योहार भी फीके रहे, क्योंकि कोई वेतन नहीं आया।
नीरज लोधी ने यह भी बताया कि उन्हें बोनस भी नहीं मिलता है। 5 प्रतिशत बढ़कर मिलने वाला पैसा भी नहीं मिला है। एमपीडब्ल्यू, वार्ड बॉय, चालकों और स्वीपरों को भी वेतन नहीं मिला है। महिला स्टाफ नर्स माधुरी पचौरी ने अपनी समस्या बताते हुए कहा कि रक्षाबंधन का त्योहार भी बिना वेतन के ही बीत गया। उन्होंने बताया कि वह सिंगल मदर हैं और अपने बच्चों को पाल रही हैं। दो महीने का वेतन न मिलने के कारण बच्चों की फीस भी जमा नहीं हो पाई है। इस प्रदर्शन में श्याम सिंह, नीरज, मनीषा पचौरी, प्रिया, सोनम, मानपाल सिंह, प्रेयस यादव, सौरभ कुमार, विशाल, पारुल, जुनेद, गौरव, आर्येंद्र प्रताप और शिवकांत सहित कई अन्य आउटसोर्स कर्मचारी मौजूद थे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *