आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को 8 माह से नहीं मिला वेतन:सैकड़ों कर्मियों ने DM से की शिकायत, कर्मचारी बोले – परिवार चलाने का संकट


सीतापुर में स्वास्थ्य विभाग से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, यहां आउटसोर्सिंग पर कार्यरत सैकड़ों कर्मचारियों को पिछले आठ महीनों से वेतन नहीं मिला है। वेतन न मिलने से कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट गहराता जा रहा है और उनके परिवारों का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है। जानकारी के अनुसार, जिले के विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में तैनात फोर्थ क्लास कर्मचारियों को लंबे समय से भुगतान नहीं किया गया है। ये कर्मचारी अवनी परिधि के अंतर्गत कार्यरत बताए जा रहे हैं। वेतन न मिलने के कारण कई कर्मचारियों का घर का किराया बकाया हो गया है, जबकि कुछ अपने बच्चों की स्कूल फीस तक जमा नहीं कर पा रहे हैं। समस्या से परेशान कर्मचारियों ने बुधवार को जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचकर डीएम से मुलाकात कर अपनी पीड़ा व्यक्त की और बकाया वेतन जल्द दिलाने की मांग की। कर्मचारियों का कहना है कि वे पहले भी मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) से मिल चुके हैं, लेकिन वहां से उन्हें बजट की कमी का हवाला देते हुए आश्वासन ही मिला। कर्मचारी शशांक ने बताया कि लगातार आठ महीने से वेतन न मिलने के कारण उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है और कर्ज लेने की नौबत आ गई है। डीएम कार्यालय पहुंचकर कर्मचारियों ने ज्ञापन सौंपा और शीघ्र भुगतान कराने की मांग की। इस पर जिला अधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान का आश्वासन दिया है। कर्मचारियों का कहना है कि यदि जल्द वेतन नहीं मिला तो उन्हें आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा। फिलहाल सभी की नजर प्रशासन के अगले कदम पर टिकी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *