पंकज केसरवानी | कौशांबी3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

कौशाम्बी जिला मुख्यालय में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन दिल्ली में NEET परीक्षा लीक मामले को लेकर छात्रों पर हुई कथित बर्बरता और राहुल गांधी व प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी व बदसलूकी के विरोध में था।
इस दौरान कांग्रेसियों ने प्रधानमंत्री और शिक्षा मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन सौंपकर उनके इस्तीफे की मांग की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति से देश में राष्ट्रपति शासन लागू कर दोबारा चुनाव कराने की भी मांग की है।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष गौरव पाण्डेय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान भारी पुलिस बल की मौजूदगी न्यायहित में नहीं थी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पुलिस के दम पर ‘गुंडागर्दी’ पर उतारू है और उनके कार्यकर्ताओं को ‘हाउस अरेस्ट’ कर रही है।
पाण्डेय ने सवाल उठाया कि सरकार शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा क्यों नहीं ले पा रही है, जबकि छात्रों पर बर्बरता की जा रही है। उन्होंने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई।

