अधिवक्ता को पहले टक्कर मारी, फिर बैक गियर डालकर कुचला:भाई बोला, सफारी में फंसाकर ड्राइवर 30 मीटर घसीट ले गया


प्रयागराज में दो दिन पहले सफारी की टक्कर से हाईकोर्ट के अधिवक्ता धर्मेंद्र यादव (32) की मौत के मामले में चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं। भाई संजय यादव का कहना है कि धर्मेंद्र को पहले टक्कर मारी गई। इसके बाद बैक गियर डालकर सफारी से कुचला गया। यही नहीं सफारी के अगले हिस्से में फंसाकर 30 मीटर तक घसीटा भी गया। फिलहाल पुलिस ने गैर इरादतन हत्या समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। रात 10:15 बजे सूचना मिली भाई ने पुलिस को बताया, 30 मई की रात लगभग 10:15 बजे मेरे मोबाइल पर अज्ञात व्यक्ति ने सूचना दी। कहा कि आपके छोटे भाई धर्मेंद्र यादव का एक्सीडेंट हो गया है। इस पर मैं तुरंत वाराणसी से प्रयागराज के लिए चल दिया। रात में मैं दुर्घटनास्थल पर पहुंचा और मौके पर उपलब्ध लोगों से जानकारी की तो पता चला कि मेरा भाई सिविल लाइंस हनुमान मंदिर चौराहे से मेडिकल चौराहे की ओर जा रहा था। रात 10 बजे के करीब का वक्त था। इतने में पीछे से तेज रफ्तार से आ रही सफेद रंग की टाटा सफारी स्टॉर्म कार ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इससे वह छिटककर दूर जा गिरा। इसके बाद सफारी चालक ने सफारी बैक गियर में डालकर इसे उस तरफ घुमाया, जिधर मेरा भाई अचेत हाल में पड़ा था। इसके बाद सफारी आगे बढ़ाकर भाई को कुचल दिया। यही नहीं सफारी तेज रफ्तार से भगाने लगा जिससे भाई सफारी के अगले हिस्से में फंसकर लगभग 30 मीटर तक घिसटता चला गया। इसके बाद सफारी लेकर ड्राइवर मेडिकल कॉलेज चौराहे की ओर भाग निकला। पुलिस तीसरे दिन भी ट्रेस नहीं कर पाई भाई की तहरीर पर कर्नलगंज पुलिस ने इस मामले में गैर इरादतन हत्या समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। फिलहाल तीसरे दिन भी पुलिस ना ही सफारी और ना ही वाहन चालक का पता हासिल कर पाई। थाना प्रभारी संजय सिंह का कहना है कि जांच पड़ताल की जा रही है। यह है पूरा मामला मूल रूप से वाराणसी के धरसौना, चोलापुर निवासी धर्मेंद्र यादव पिछले पांच वर्षों से अल्लापुर में रहकर इलाहाबाद हाईकोर्ट में वकालत कर रहे थे। शनिवार रात वह बाइक से अपने कमरे लौट रहे थे। तभी उन्हें सफारी ने कुचल दिया था। महज 26 दिन पहले 5 मई को उनकी शादी हुई थी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *