![]()
मैनपुरी के करहल में रेलवे फाटक पर ड्यूटी कर रहे एक गेटमैन के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़ित रेलवे कर्मचारी ने आरोप लगाया है कि शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई है। पीड़ित का नाम दिनेश कुमार है। वह जौनपुर जिले के रहने वाले हैं और फिलहाल करहल के गढ़िया चौराहा क्षेत्र में रहते हैं। दिनेश रेलवे विभाग में गढ़िया रोड स्थित फाटक-15सी पर गेटमैन के पद पर तैनात हैं। दिनेश कुमार ने बताया कि यह घटना 3 सितंबर की शाम करीब 5 बजे हुई। उस समय वह फाटक पर बने अपने कार्यालय में ड्यूटी कर रहे थे। तभी करहल के आजाद हिंद इंटर कॉलेज के पास रहने वाला विनय प्रताप और एक अन्य व्यक्ति कार्यालय में घुस आए। आरोप है कि दोनों ने पहले गाली-गलौज की और फिर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित के मुताबिक, उन्होंने कार्यालय से बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उन्हें रोक लिया और दोबारा पीटा। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग गए। घटना का सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद दिनेश कुमार ने बताया कि उन्होंने करहल थाने में लिखित शिकायत दी थी। उनका आरोप है कि पुलिस ने उनकी शिकायत पर कोई सुनवाई नहीं की। इसके बाद उन्होंने एसडीएम को भी आवेदन दिया, लेकिन वहां से भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। दिनेश कुमार का कहना है कि स्थानीय स्तर पर शिकायत के बाद भी उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। उन्हें विभागीय स्तर पर भी कोई मदद नहीं मिल रही है। उन्होंने दावा किया कि उनके पास घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज और दूसरे सबूत मौजूद हैं। पीड़ित ने अब एसपी और जिलाधिकारी मैनपुरी को प्रार्थना पत्र देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने और उन्हें न्याय दिलाने की मांग की है।
Source link
मैनपुरी में रेलवे कर्मचारी से मारपीट:घेरकर पीटा, शिकायत के बाद भी कार्रवाई न होने का आरोप