अमरोहा में किसान का शव जंगल में मिला:शरीर पर चोट के निशान, मृतक के पिता ने हत्या का लगाया आरोप


अमरोहा में आदमपुर थाना क्षेत्र के कोकापुर की मड़ैया गांव से लापता 25 वर्षीय किसान जोगेंद्र का शव शनिवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में नलकूप के पास बरामद हुआ। युवक के चेहरे और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे परिजनों ने रंजिश के चलते हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। परिजनों के अनुसार, जोगेंद्र शुक्रवार शाम को किसी काम से घर से निकला था। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा, तो परिवार के लोगों ने अनहोनी की आशंका में उसकी तलाश शुरू की। आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों में काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लग सका। देखिए घटना स्थल से जुड़ी तस्वीरे… जंगल में मिला शव, परिजनों में आक्रोश शनिवार सुबह ओगारपुर के जंगल में भंडी वाले रास्ते पर स्थित एक नलकूप के पास ग्रामीणों ने युवक का शव पड़ा देखा। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान जोगेंद्र के रूप में की। शरीर और चेहरे पर चोटों के निशान देख परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और मृतक के पिता ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, एएसपी ने किया निरीक्षण घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी अखिलेश भदौरिया पुलिस बल और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट्स और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एडिशनल एसपी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि मामले की हर एंगल से गहनता से जांच की जा रही है। आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *