दहेज के लिए विवाहिता को पीटा, घर से निकाला:5 लाख नकद और बाइक देने के बाद भी 5 लाख और मांगे, पति समेत 5 पर केस दर्ज


सिद्धार्थनगर में दहेज की मांग को लेकर एक विवाहिता के साथ मारपीट और प्रताड़ना का मामला सामने आया है। आरोप है कि शादी के समय मायके वालों ने 5 लाख रुपए नकद, बाइक और सोने के गहने दिए थे, फिर भी ससुराल वालों की मांग खत्म नहीं हुई। पति पर शराब के नशे में पत्नी को पीटने और 5 लाख रुपए और मांगने का आरोप है। महिला थाना पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुष्पा मिश्रा की शादी 1 जून 2023 को बर्डपुर नंबर-6, टोला मिश्रौलिया उर्फ महुआवा, थाना कपिलवस्तु निवासी मनीष मिश्रा से हुई थी। शादी के समय मायके वालों ने 5 लाख रुपए नकद, करीब 1 लाख रुपए की हीरो होंडा मोटरसाइकिल, 10 ग्राम सोने की चेन और तीन सोने की अंगूठियां दी थीं। इसके अलावा कान का झाल, सोने का टीका, नथिया, मंगलसूत्र और अंगूठी समेत दूसरे सामान भी दिए गए थे। ससुराल वालों के व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया आरोप है कि शादी के बाद से ही विवाहिता को दहेज के लिए ताने दिए जाने लगे। पति मनीष मिश्रा, ससुर शत्रुघ्न मिश्रा, जेठ रवि मिश्रा, देवर राहुल मिश्रा और ननद कुमारी गोल्टू पर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप है। विवाहिता पर घर से निकलने का दबाव बनाया गया और उसे भूखा भी रखा गया। वह अपना वैवाहिक जीवन बचाने के लिए सब सहती रही, लेकिन ससुराल वालों के व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया। 10 सितंबर को विवाद फिर बढ़ गया। आरोप है कि पति शराब के नशे में घर पहुंचा और पत्नी के साथ मारपीट करते हुए दहेज में 5 लाख रुपए और लाने की मांग की। पुष्पा ने फोन कर अपने पिता को घटना की जानकारी दी। बेटी का घर बचाने के लिए पिता ने रिश्तेदारों से कर्ज लेकर 2 लाख रुपए का इंतजाम किया और पति व उसके पिता को दे दिए। इसके बाद भी विवाद शांत नहीं हुआ। आरोप है कि मारपीट के बाद विवाहिता को घर से निकाल दिया गया। तब से वह मायके में रह रही है। महिला थाना पुलिस ने मामले की जांच उपनिरीक्षक कृष्ण यादव को सौंपी है। पति मनीष मिश्रा समेत पांचों आरोपियों के खिलाफ दहेज और मारपीट से संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू की गई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *