![]()
समाजवादी पार्टी (सपा) ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की दिल्ली पुलिस द्वारा की गई कथित गिरफ्तारी और युवाओं पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में घाटमपुर में प्रदर्शन किया। बुधवार देर रात सपा कार्यकर्ताओं ने थाना घेराव की तैयारी की थी, लेकिन पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए पार्टी कार्यालय पहुंचकर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को पाबंद कर दिया। इसके बाद सपा कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपा। इसमें पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा की मांग की गई। घाटमपुर विधानसभा अध्यक्ष राजू वर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पहले थाना घेराव का निर्णय लिया था। पार्टी का आरोप था कि दिल्ली पुलिस द्वारा अखिलेश यादव के साथ की गई कार्रवाई और युवाओं पर लाठीचार्ज लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। वे शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराना चाहते थे। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने उनके प्रदर्शन से पहले ही पार्टी कार्यालय पहुंचकर सभी प्रमुख पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को पाबंद कर दिया। विधानसभा अध्यक्ष राजू वर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में अपनी आवाज उठाना कोई अपराध नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। राजू वर्मा ने स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी अन्याय, दमन और लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन के खिलाफ हमेशा संघर्ष करती रहेगी।
Source link
अखिलेश यादव को हिरासत में लेने पर सपा का विरोध:घाटमपुर में पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रोका, राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग