प्रयागराज5 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स (CAPF) असिस्टेंट कमांडेंट परीक्षा 19 जुलाई को होगी। प्रयागराज में इस परीक्षा के लिए 18 केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 7510 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी।
परीक्षा की तैयारियों को लेकर प्रयागराज जिला प्रशासन ने सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं। एडीएम सिटी सत्यम मिश्र की अध्यक्षता में शुक्रवार को संगम सभागार में हुई समीक्षा बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।
एडीएम सिटी सत्यम मिश्र ने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापकों और सह-केंद्र व्यवस्थापकों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी संवेदनशीलता के साथ करने का निर्देश दिया।
एडीएम ने चेतावनी दी है कि यदि किसी भी स्तर पर परीक्षा की पवित्रता और शुचिता को प्रभावित करने का प्रयास किया गया, तो दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि अभ्यर्थी बिना किसी व्यवधान के अपनी परीक्षा दे सकें। इसके साथ ही, केंद्र के भीतर और बाहर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
