प्रमोद यादव। प्रयागराज4 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने राजकीय महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती की प्रारंभिक परीक्षा-2025 का परिणाम घोषित कर दिया है। आयोग ने कुल 28 विषयों में से आठ विषयों के नतीजे जारी किए हैं। इन आठ विषयों में कुल 5497 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया है। यह परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
आयोग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, विज्ञापन संख्या ए-7/ई-1/2025 के तहत सहायक आचार्य, राजकीय महाविद्यालय (प्रारंभिक) परीक्षा-2025 का आयोजन 31 मई 2026 को किया गया था। जिन आठ विषयों के परिणाम घोषित किए गए हैं, उनमें वाणिज्य, चित्रकला (ड्राइंग एंड पेंटिंग), हिंदी, गणित, दर्शनशास्त्र, संस्कृत, जन्तु विज्ञान और कंप्यूटर साइंस शामिल हैं।
जारी परिणामों के अनुसार, हिंदी विषय में सर्वाधिक 1983 अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा के लिए सफल हुए हैं। इसके अतिरिक्त, संस्कृत में 878, जन्तु विज्ञान में 775, गणित में 474 और वाणिज्य में 945 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं। दर्शनशास्त्र में 211, चित्रकला में 213 और कंप्यूटर साइंस में 18 अभ्यर्थियों ने मुख्य परीक्षा के लिए अर्हता प्राप्त की है।
आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, वाणिज्य विषय में 8423 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 4154 ने परीक्षा दी। चित्रकला में 1582 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 877 उपस्थित रहे। हिंदी में 16098 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 10801 ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि गणित में 3916 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 1729 उपस्थित हुए।
इसी क्रम में, दर्शनशास्त्र में 895 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 618, संस्कृत में 4315 में से 2297 और जन्तु विज्ञान में 4437 में से 1926 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। कंप्यूटर साइंस विषय में 573 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 185 ने प्रारंभिक परीक्षा दी।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि प्रारंभिक परीक्षा के आधार पर विषयवार उपलब्ध रिक्तियों के सापेक्ष अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया है। कुछ श्रेणियों में निर्धारित न्यूनतम दक्षता मानक अंक प्राप्त न कर पाने के कारण, अपेक्षित संख्या से कम अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा के लिए उपलब्ध हो पाए हैं।
