प्रमोद यादव। प्रयागराज4 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

प्रयागराज में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) की टीम ने मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने 11 प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की और 14 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। इस दौरान अल जायका चिकन कॉर्नर को मानकों का पालन न करने पर सील कर दिया गया।
सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. दीनानाथ यादव ने बताया कि कीडगंज स्थित बीकानेर मिष्ठान भंडार से 4,400 रुपये मूल्य की 4 किलोग्राम काजू कतली नष्ट करवाई गई। यहां से समोसा और बूंदी लड्डू के नमूने भी लिए गए।
जगराम स्वीट्स पर गंदगी पाए जाने पर दूषित मिठाइयों और बासी चीनी के शीरे को नष्ट किया गया, साथ ही बूंदी लड्डू, घी और बेसन के तीन नमूने संग्रहित किए गए। लक्ष्मी टॉकीज के पास स्थित अल जायका चिकन कॉर्नर को निर्धारित मानकों के अनुरूप न पाए जाने पर सील कर दिया गया।


केपी कक्कड़ रोड स्थित गणेश प्रसाद एंड सन्स और जीरो रोड स्थित भगवान दास प्रहलाद दास एंड संस से बूंदी के नमूने लिए गए। बहादुरगंज की बतासा मंडी से संदिग्ध बतासे का नमूना भी संग्रहित किया गया।
भगवान दास नवल किशोर ट्रेडर्स से बूंदी का नमूना जांच के लिए लिया गया। मुट्ठीगंज में सुरेंद्र यादव की मिठाई की दुकान को खाद्य पदार्थों में अखबारी कागज के उपयोग पर प्रतिबंध लगाते हुए नोटिस जारी किया गया।
शंकरगढ़ के मनीष किराना स्टोर से बतासे का नमूना और पंकज स्वीट्स से ब्रेड व पिज्जा बेस के दो नमूने लिए गए, साथ ही कमियों के लिए नोटिस जारी किया गया।
सिविल लाइन्स स्थित यश फूड्स 9280 बिरयानी में कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाण पत्र और पानी की जांच रिपोर्ट छह माह पुरानी मिली। किचन और फ्रिज में गंदगी पाई गई, और कर्मचारी शौचालय व किचन में एक ही चप्पल का उपयोग कर रहे थे। इस पर नोटिस जारी कर भंडारित पनीर का नमूना लिया गया।
एजी ऑफिस के पास स्थित हरीश भोजनालय में खराब ड्रेनेज सिस्टम, पेस्ट कंट्रोल का अभाव और स्वास्थ्य प्रमाण पत्र न मिलने पर नोटिस जारी किया गया। यहां से भी पनीर का नमूना संग्रहित किया गया।
