सुल्तानपुर में गांधी जयंती पर घर सुल्तानपुर फाउंडेशन द्वारा ‘No DJ Vibrations’ अभियान के अंतर्गत एक शांतिपूर्ण शांति मार्च का आयोजन किया जा रहा है। यह मार्च शुक्रवार को शाम 4 बजे तिकोनिया पार्क से प्रारंभ होगा।
.
इस पहल का उद्देश्य उत्सवों की खुशियों को दूसरों के स्वास्थ्य, शांति और सम्मान की कीमत पर नहीं होने देना है। ध्वनि की अत्यधिक तीव्रता और वाइब्रेशन से होने वाली परेशानियों के प्रति समाज को जागरूक करना तथा ध्वनि संबंधी नियमों के पालन को प्रोत्साहित करना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।
गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित यह मार्च अहिंसा, अनुशासन, सामाजिक सद्भाव और मानवीय संवेदना के मूल्यों को समर्पित होगा। अभियान का संदेश है— “शांति ही शक्ति है” और “क्रांति है शांति के लिए।”
मार्च तिकोनिया पार्क से प्रारंभ होकर आजाद पार्क, कोतवाली गल्ला मंडी, जीएन रोड–आगरा चौराहा, डाकखाना चौराहा, शाहगंज चौराहा, चौक घंटाघर, ठठेरी बाजार और रामलीला होते हुए पंचरस्ता पर संपन्न होगा।
घर सुल्तानपुर फाउंडेशन सुल्तानपुर के सभी सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों, राजनीतिक दलों, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों और नगरवासियों से इस अभियान में सहभागी बनने की अपील करता है। सभी प्रतिभागियों से अनुरोध है कि मार्च को पूरी तरह शांतिपूर्ण, अनुशासित और गरिमापूर्ण बनाए रखें तथा यातायात एवं प्रशासनिक निर्देशों का पालन करें।
