फाउंड्री नगर में 20 फीट गहरी सड़क धंसी:छह घंटे बाद अधिकारियों ने की बैरिकेडिंग, शनिवार को मरम्मत का भरोसा


फाउंड्री नगर औद्योगिक क्षेत्र में पीपीडीसी इलेक्ट्रॉनिक डिपो के पास शुक्रवार सुबह एक सड़क अचानक धंस गई। इससे मौके पर करीब 20 फीट गहरा गड्ढा हो गया। घटना के लगभग छह घंटे बाद शाम को जल निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे और गड्ढे के दोनों ओर बैरिकेडिंग कराई। भारी वाहनों की आवाजाही के कारण संभावित दुर्घटना को टालने के लिए पत्थर के पाइप और अन्य अवरोधक लगाकर रास्ते को बंद कर दिया गया। यह घटना सुबह करीब 11 बजे हुई, जब सड़क का एक हिस्सा अचानक नीचे धंस गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह तक यहां एक मामूली गड्ढा था, लेकिन कुछ ही देर में यह बड़ा और गहरा हो गया। गड्ढे के अंदर की जमीन भी खोखली बताई जा रही है। यह मार्ग एक औद्योगिक क्षेत्र में होने के कारण दिनभर भारी वाहनों की आवाजाही रहती है, जिससे यह गहरा गड्ढा गंभीर खतरे का कारण बन गया था। शुरुआत में, स्थानीय लोगों ने ही गड्ढे के आसपास सीढ़ी और पेड़-पौधे लगाकर रास्ता रोका था, क्योंकि कई घंटों तक कोई भी जिम्मेदार विभाग का कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा था। शाम को विभागीय स्तर पर सुरक्षा के इंतजाम किए गए। फिलहाल, धंसी हुई सड़क के आसपास मिट्टी डलवाकर बैरिकेडिंग की गई है और पत्थर के पाइप रखकर मार्ग को बंद कर दिया गया है। बताया गया है कि इस सड़क का निर्माण करीब तीन साल पहले यूपीसीडा द्वारा कराया गया था। सड़क धंसने के बाद इसके निर्माण की गुणवत्ता और जलनिकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। अब यूपीसीडा ने शनिवार को सड़क का निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया है। सड़क के पुनर्निर्माण में नगर निगम और यूपीसीडा मिलकर काम करेंगे। छत्ता वार्ड के अधिशासी अभियंता प्रेमचंद आर्य ने जानकारी दी कि सड़क के नीचे पानी या सीवर की कोई लाइन नहीं है। उन्होंने बताया कि यह गड्ढा इतना बड़ा है कि इसमें एक ट्रक आसानी से समा सकता है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *