![]()
उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद की 275वीं बोर्ड बैठक में मंगलवार को वित्तीय वर्ष 2026-27 का 4173.66 करोड़ रुपए का बजट पास कर दिया गया। बजट में सबसे बड़ा फोकस जमीन खरीद, नई आवासीय योजनाओं और अयोध्या विकास पर रखा गया है।
.
परिषद ने इस बार भूमि अर्जन के लिए 1927.15 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। इसमें अकेले अयोध्या परियोजनाओं के लिए 1037.89 करोड़ रुपए रखे गए हैं।
संपत्ति बिक्री से होगी सबसे ज्यादा कमाई
परिषद ने नए वित्तीय वर्ष में कुल 4173.65 करोड़ रुपए की आय का अनुमान लगाया है। इसमें सबसे ज्यादा 2004.66 करोड़ रुपए संपत्तियों की बिक्री से मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा डिपॉजिट कार्यों से 682.06 करोड़ रुपए की आय का अनुमान लगाया गया है।
वहीं कुल 4048.65 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसमें निर्माण, विकास और अवस्थापना कार्यों पर 702.62 करोड़ रुपए डिपॉजिट कार्यों पर 750.27 करोड़ रुपए भूमि अर्जन पर 1927.15 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
वाराणसी की जीटी रोड बाईपास योजना को हरी झंडी
बोर्ड बैठक में वाराणसी की प्रस्तावित जीटी रोड बाईपास भूमि विकास एवं गृहस्थान “पूरक” योजना के लिए 4.6870 हेक्टेयर जमीन अर्जित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। यह जमीन योजना के अप्रोच रोड के लिए जरूरी बताई गई है।
काशीद्वार योजना में 3141 करोड़ से खरीदी जाएगी जमीन
वाराणसी की काशीद्वार भूमि विकास एवं गृहस्थान योजना के लिए 10 गांवों की जमीन आपसी समझौते से खरीदने के प्रस्ताव पर भी सहमति बनी। इन गांवों में पिण्डरा, पिण्डराई, समोगरा, बहुतरा, कैथोली, पुरारघुनाथपुर, बसनी, चकइन्दर, जदूपुर और बेलवा शामिल हैं।
परिषद के अनुसार इस योजना में जमीन खरीद पर करीब 3141 करोड़ रुपए खर्च होंगे। योजना का कुल क्षेत्रफल 374 हेक्टेयर है। पहले चरण में 270 हेक्टेयर भूमि पर परिषद अधिनियम 1965 की धारा-31(1) के तहत कार्रवाई को मंजूरी दी गई है। वन विभाग, मंदिर, मजार और अन्य निर्माण वाले हिस्सों को इससे बाहर रखा गया है।
मऊ की योजना में 1391 करोड़ से होगी जमीन खरीद
मऊ जिले की गोरखपुर मार्ग भूमि विकास एवं गृहस्थान योजना के लिए भी पांच गांवों की जमीन खरीद को मंजूरी दी गई। सहरोज, रेवरीडीह, मोहम्मदपुर सहरोज, मेघई सहरोज और डाण्डीखास गांवों में जमीन खरीद पर करीब 1391 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है।