प्रमोद यादव | प्रयागराज5 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने उत्तर प्रदेश हायर ज्यूडिशियल सर्विस (HJS)-2023 की लिखित परीक्षा का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। सीधी भर्ती और सीमित विभागीय प्रतियोगी परीक्षा, दोनों के लिए समय सारणी जारी की गई है। यह प्रतिष्ठित परीक्षा 1 और 2 अगस्त 2026 को प्रयागराज में आयोजित होगी, जिसमें प्रदेश भर से 300 से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे।
उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार (जे) (कंप्यूटर) पवन कुमार शर्मा ने बताया कि अभ्यर्थी अपने प्रवेश पत्र 20 जुलाई 2026 से इलाहाबाद उच्च न्यायालय की आधिकारिक वेबसाइट www.allahabadhighcourt.in से डाउनलोड कर सकेंगे। प्रवेश पत्र डाउनलोड करने के लिए ऑनलाइन आवेदन के समय प्राप्त लॉगिन आईडी और पासवर्ड का उपयोग करना होगा।
तकनीकी असुविधा या पासवर्ड भूल जाने की स्थिति में, अभ्यर्थी वेबसाइट पर उपलब्ध ‘फॉरगॉट पासवर्ड’ (Forgot Password) विकल्प का उपयोग करके अपने विवरण पुनः प्राप्त कर सकते हैं।
न्यायालय प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि कोई अभ्यर्थी तकनीकी कारणों से वेबसाइट से प्रवेश पत्र डाउनलोड करने में असमर्थ रहता है, तो उसे चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। ऐसे अभ्यर्थी 28 जुलाई 2026 से परीक्षा के दिन की सुबह तक, कार्यालय समय के दौरान इलाहाबाद उच्च न्यायालय के ‘सिलेक्शन एंड अपॉइंटमेंट सेल’ से व्यक्तिगत रूप से डुप्लीकेट प्रवेश पत्र प्राप्त कर सकते हैं।
डुप्लीकेट प्रवेश पत्र प्राप्त करने के लिए अभ्यर्थियों को कड़े सुरक्षा और पहचान सत्यापन मानकों का पालन करना होगा। इसके लिए उन्हें अपने साथ मूल फोटो पहचान पत्र और उसकी एक छायाप्रति लानी होगी। साथ ही, एक रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो भी लाना अनिवार्य है, जो ऑनलाइन आवेदन पत्र में अपलोड किए गए फोटो से मेल खाता हो। डुप्लीकेट प्रवेश पत्र पूरी सत्यापन प्रक्रिया के बाद ही जारी किया जाएगा।
