ओमपाल | रामपुर7 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

रामपुर में जिला वन अधिकारी (DFO) कार्यालय में सरकारी काम में बाधा डालने और हंगामा करने के आरोप में सात नामजद और 30-35 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई जिला वन अधिकारी की तहरीर पर कोतवाली सिविल लाइंस पुलिस ने की है।
बताया जा रहा है कि गुरुवार दोपहर कथित किसान संगठन से जुड़े लोग पनबड़िया के पास स्थित रामपुर हॉट कैंपस में बने जिला वन अधिकारी कार्यालय पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने वहां हंगामा शुरू कर दिया, जिससे कार्यालय का कामकाज बाधित हुआ और तनावपूर्ण माहौल बन गया।
इस घटना के दौरान कार्यालय में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को काम करने में काफी परेशानी हुई। स्थिति को देखते हुए वन विभाग के अधिकारियों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद जिला वन अधिकारी की ओर से लिखित तहरीर दी गई।
अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने शुक्रवार रात बताया कि वन अधिकारी की तहरीर पर सात नामजद और 30-35 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ वन विभाग कार्यालय में घुसकर नारेबाजी करने और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि विवेचना पूरी होने के बाद जल्द ही आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।
