पेप्सी-गुटखा न देने पर परिवार पर हमला, 4 लोग घायल:महोबा में 20 लोगों पर घर में घुसकर लाठी-डंडे, रॉड और कुल्हाड़ी से मारपीट का आरोप


महोबा में पेप्सी और गुटखा न देने को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद एक परिवार पर हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि करीब दो दर्जन लोगों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और कुल्हाड़ी से मारपीट की। हमले में सास-दामाद समेत चार लोग घायल हो गए। गंभीर हालत में अफरोज और उनकी सास जमीला को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। परिवार का आरोप है कि पहली घटना की शिकायत के बाद समय पर कार्रवाई नहीं होने से हमलावरों का हौसला बढ़ा। मामला चरखारी कोतवाली क्षेत्र के बम्हौरीकलां गांव का है। शराब लाने से मना करने पर शुरू हुआ विवाद परिजनों के अनुसार, अफरोज का नाबालिग भतीजा आमिर रविवार सुबह गांव की एक किराना दुकान पर सामान लेने गया था। वहां पहले से कुछ लोग शराब पी रहे थे। आरोप है कि उन्होंने आमिर से शराब लाने को कहा। मना करने पर पेप्सी और गुटखा लाने का दबाव बनाया। आमिर ने पैसे नहीं होने की बात कहकर मना किया तो आरोप है कि उन लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। चीख-पुकार सुनकर चाचा अफरोज मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। पहली शिकायत के बाद शाम को दोबारा हमला घटना के बाद परिवार चरखारी कोतवाली पहुंचा और पुलिस को लिखित शिकायत दी। पीड़ितों का आरोप है कि पुलिस ने शिकायत पर तत्काल कार्रवाई नहीं की और जांच का भरोसा देकर उन्हें वापस भेज दिया। परिजनों के मुताबिक, शाम करीब 5 बजे करीब दो दर्जन लोग लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और कुल्हाड़ी लेकर अफरोज के घर पहुंच गए। आरोप है कि हमलावरों ने परिवार के लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी। अफरोज को बचाने पहुंचीं उनकी सास जमीला के सिर में गंभीर चोट आई। परिवार की दो लड़कियां करिश्मा और रेशमा भी घायल हो गईं। पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना के दौरान पुलिस को कई बार फोन किया गया, लेकिन पुलिस काफी देर बाद मौके पर पहुंची। सास-दामाद जिला अस्पताल रेफर चरखारी कोतवाली प्रभारी राहुल मिश्रा के पहुंचने के बाद घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। यहां से अफरोज और जमीला की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल के डॉक्टर शिशुपाल के अनुसार, दोनों का इलाज जारी है और फिलहाल उनकी हालत स्थिर है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *