कोटा मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर्स ने बताया कि सभी घायलों की हालत स्थिर है।
कोटा में स्लीपर बस के एक्सीडेंट में तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में 20 से ज्यादा पैसेंजर्स घायल हैं। यात्रियों का दावा कि बस के फ्रंट मिरर पर किसी ने पत्थर मारा था, इसलिए ड्राइवर ने कंट्रोल खो दिया।
.
अनियंत्रित होने के कारण बस डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में घुसकर पलट गई। पलटने के कारण टूटे कांच वाले हिस्से से पैसेंजर्स बाहर सड़क पर गिर गए।
तीन पैसेंजर्स को सामने से आ रहे ट्रॉले ने कुचल दिया। इनमें से दो मृतक मध्य प्रदेश के थे। हादसा आरकेपुरम थाना इलाके में नयागांव पुलिया के पास बुधवार रात करीब 12 बजे हुआ।

करीब ढाई घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बस को क्रेन से सड़क से हटाया गया।
गुजरात से मध्य प्रदेश जा रही थी स्लीपर
पुलिस के अनुसार प्राइवेट कंपनी की बस अहमदाबाद से ग्वालियर-भिंड की तरफ जा रही थी। बस में ज्यादातर सवारियां मध्यप्रदेश की ही थी।
बस पलटने के कारण पैसेंजर्स अंदर बुरी तरह फंस गए। यात्रियों को बाहर निकालने के लिए रात करीब 2.30 बजे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।
ड्राइवर केबिन में बैठे लोग सड़क पर गिरे
एक्सीडेंट में 20 से ज्यादा पैसेंजर्स घायल हुए हैं। जिन्हें कोटा के मेडिकल कॉलेज के हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है। जिन तीन लोगों की मौत हुई है, इनमें दो मृतक भिंड (MP) के रहने वाले थे। इनके नाम धर्मेंद्र और कृष्णा बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार ये लोग ड्राइवर केबिन में बैठे थे। बस पलटते ही केबिन का फ्रंट मिरर टूटने से ये सड़क पर गिर गए। उसी दौरान सामने की तरफ से आ रहा ट्रॉला इनके ऊपर चढ़ गया।
हादसे में ग्वालियर के रहने वाले देवेंद्र, पूनम, परी,सोमवीर, सत्यम घायल हुए हैं। भिंड के रहने वाले रामदुलारे, नवीन, नैना, पूजाक की सिर-पैर में चोट लगी है। अन्य घायलों की पहचान नहीं हो सकी है।
बस के पैसेंजर्स बोले- पहले लहराई फिर पलटी बस
हॉस्पिटल में एडमिट कई घायलों से भास्कर रिपोर्टर ने बात की। उन्होंने बताया कि वे काफी देर तक बस में फंसे रहे। कई लोगों को पैर में गंभीर चोट भी लगी है, इस कारण वे खुद से बस से बाहर ही नहीं निकल सके। रेस्क्यू टीमों ने उन्हें कांच तोड़कर बाहर खींचा है।
पैसेंजर: घायल देवेन्द्र ने बताया कि वे ग्वालियर के रहने वाले हैं। अहमदाबाद में काम करते हैं। भाई की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए गांव जा रहे थे। उनके साथ पत्नी और तीन बच्चे भी थे। अचानक बस लहराने लगी। कुछ समझ पाता इतने में ही बस पलट गई। मैंने कांच तोड़ा और बाहर निकला। इसके बाद बच्चों-पत्नी को मुश्किल से बाहर निकाला।
पैसेंजर: बस में सवार पूजा ने बताया कि हादसे में उसके भाई कृष्णा की मौत हो गई। बस में वह अपने भाई, दादा, भाभी के साथ सफर कर रही थी। अहमदाबाद से बस दोपहर 12.30 बजे रवाना हुई थी। सभी भिंड जा रहे थे। लेकिन उससे पहले ही हादसा हो गया। उसने बताया कि बस अचानक लहराने लगी और पलट गई। बस इतना ही याद है, हादसा कैसे हुआ इसका पता नहीं।
अब देखिए- बस एक्सीडेंट और रेस्क्यू से जुड़े PHOTOS…

हादसे में घायल लोगों को न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एडमिट कराया गया है। कई लोगों को सिर में गंभीर चोट आई है।

बस जिस तरफ से पलटी उस तरफ के पैसेंजर्स को सबसे अधिक चोट लगी हैं। उन्हें निकालने में सबसे ज्यादा समय लगा।

हादसे में कई बच्चों को भी चोटें लगी हैं। मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर्स ने बताया कि अधिकतर घायलों की स्थिति गंभीर नहीं है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बस ड्राइवर भी एक्सीडेंट में बुरी तरह घायल हुआ है। उससे पूछताछ के बाद एक्सीडेंट के सही कारण की जानकारी मिलने की संभावना है।

बस के पैसेंजर्स ने बताया कि हादसे के समय अधिकतर लोग सो रहे थे। जैसे ही बस पलटी लोग सीटों के नीचे दब गए।
बस पलटने के कारणों को लेकर अलग-अलग आशंका
एसपी तेजस्वनी गौतम के अनुसार आशंका है कि हादसा सड़क पर अचानक आए जानवर के कारण हुआ है। हालांकि, अभी जांच की जा रही है।
वहीं, बस में सवार लोगों के अनुसार किसी ने बस के कांच पर पत्थर मारा था। जिसकी वजह से ड्राइवर हड़बड़ा गया और बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हालांकि, दोनों ही कारणों को लेकर अभी जांच की जा रही है।
….
राजस्थान में एक्सीडेंट से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए…
बीकानेर में बाइक सवार दो सगे भाइयों की मौत:गेहूं की कटाई कर खेत से घर लौटते समय ट्रक ने मारी टक्कर

बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो सगे भाइयों की मौत हो गई। हादसा बीदासर रोड स्थित सालासर फांटे पर बुधवार रात करीब 11 बजे हुआ। पूरी खबर पढ़िए…