Gorakhpur Teen Drowns While Making Social Media Reels in Turra Nala

परमानन्द मौर्य | खोराबार(गोरखपुर), गोरखपुर5 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक
मृतक की फाइल फोटो। - Dainik Bhaskar

मृतक की फाइल फोटो।

गोरखपुर के एम्स थाना क्षेत्र के बहरामपुर स्थित तुर्रा नाले में गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे सोशल मीडिया के लिए रील बनाना एक 16 वर्षीय किशोर की जान पर भारी पड़ गया। पुल से नदी में छलांग लगाकर वीडियो बना रहे तीन दोस्तों में से एक गहरे पानी में डूब गया। स्थानीय चरवाहों ने साहस दिखाते हुए दो अन्य किशोरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन तीसरे किशोर को बचाया नहीं जा सका। एम्स अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानिए पूरा मामला

महादेव झारखंडी टुकड़ा नंबर-दो निवासी मोनू राजभर (16) अपने दोस्तों सुंदरलाल गुप्ता (18) और विकास गुप्ता (17) के साथ कुसम्ही जंगल स्थित देवाचावर माता मंदिर की ओर गया था। रास्ते में तीनों दोस्त बहरामपुर स्थित तुर्रा नाले के पुल पर घुमने पहुंचे।

बताया जा रहा है कि तीनों सोशल मीडिया के लिए रील बनाने के उद्देश्य से पुल से पानी में छलांग लगाने लगे। इसी दौरान वे गहरे पानी में फंस गए और बाहर नहीं निकल सके।

चरवाहों ने बचाई दो किशोरों की जान

तीनों के शोर मचाने पर आसपास मौजूद चरवाहे मौके पर पहुंचे। उन्होंने जोखिम उठाकर सुंदरलाल और विकास को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन मोनू गहरे पानी में डूब गया।

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से काफी तलाश के बाद मोनू को पानी से बाहर निकाला गया। उसे तत्काल खोराबार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने गंभीर हालत देखते हुए एम्स गोरखपुर रेफर कर दिया। एम्स पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

दो भाइयों में बड़ा था मोनू

मोनू अपने परिवार में दो भाइयों में बड़ा था। उसकी असमय मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने शुरू की जांच

एम्स थाना प्रभारी महेंद्र पांडेय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *