![]()
प्रतापगढ़ में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए एक अक्तूबर से 31 अक्तूबर तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान और 12 से 31 अक्तूबर तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों और प्रभावी संचालन को लेकर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राममोहन मीना की अध्यक्षता में बुधवार को कैंप कार्यालय सभागार में बैठक हुई। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों को अपने दायित्व के अनुसार माइक्रोप्लान तैयार कर उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने माइक्रोप्लान का विधिवत अवलोकन करने के भी निर्देश दिए। कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सीडीओ ने जिला मलेरिया अधिकारी को डेंगू और मलेरिया से बचाव के लिए फॉगिंग तथा एंटी लार्वा का छिड़काव करने वाले कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को फॉगिंग और एंटी लार्वा छिड़काव की प्रक्रिया का डेमो कराकर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि अभियान के दौरान कार्य प्रभावी तरीके से हो सके। उन्होंने अधिकारियों से साफ-सफाई, जलभराव की रोकथाम और मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही आमजन को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया। सीडीओ ने कहा कि संचारी रोगों और दिमागी बुखार की रोकथाम के लिए सभी विभागों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। प्रत्येक विभाग अपने निर्धारित दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए अभियान को सफल बनाए। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एएन प्रसाद सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, अधिशासी अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
Source link
प्रतापगढ़ में संचारी रोग नियंत्रण बैठक:डेंगू मलेरिया रोकथाम पर जोर, सीडीओ ने दिए फॉगिंग प्रशिक्षण निर्देश