![]()
सोनभद्र में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए एनसीएल सिंगरौली के सीएसआर मद से 4.27 करोड़ रुपये की परियोजनाएं संचालित की जाएंगी। बुधवार की दोपहर मे जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एनसीएल सिंगरौली और संबंधित विभागों के बीच विभिन्न परियोजनाओं को लेकर एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। कुल 426.83 लाख रुपये की इन परियोजनाओं से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लोगों को सुविधाएं मिलेंगी। एमओयू के तहत रॉबर्ट्सगंज नगर पालिका परिषद और एनसीएल सिंगरौली के बीच बढ़ौली चौराहे के पास ओपन जिम के निर्माण के लिए 96.82 लाख रुपये की परियोजना पर समझौता हुआ। वहीं, दूरदराज के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए दो एंबुलेंस उपलब्ध कराई जाएंगी। इस परियोजना पर 66 लाख रुपये खर्च होंगे। इसके लिए डिप्टी सीएमओ और एनसीएल सिंगरौली के बीच एमओयू हुआ। इसी तरह चतरा विकासखंड में सेहुआं हनुमान मंदिर से अंबेडकर हरिजन बस्ती तक सीसी रोड निर्माण के लिए 98.25 लाख रुपये की परियोजना स्वीकृत की गई। करमा विकासखंड में खुटहनियां बरबसपुर रोड से दूबे बगीचा तक सीसी रोड निर्माण पर 95.72 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। दोनों सड़क परियोजनाओं के लिए ग्रामीण अभियंत्रण विभाग और एनसीएल सिंगरौली के बीच समझौता हुआ है। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की मरम्मत और सुविधाओं में सुधार के लिए 70.04 लाख रुपये की परियोजना पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और एनसीएल सिंगरौली के बीच एमओयू हुआ। डीएम चर्चित गौड़ ने कहा कि सीएसआर के तहत चयनित सभी परियोजनाएं सीधे जनहित और लोगों की सुविधाओं से जुड़ी हैं। अधिकारियों को कार्यों को निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने नियमित समीक्षा और निगरानी पर भी जोर दिया। डीएम ने बताया कि नौ सितंबर को हुई सीएसआर बैठक के निर्देशों के बाद एनसीएल सिंगरौली के महाप्रबंधक से परियोजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।उन्होंने विभागों को डीपीआर तैयार करने अथवा अन्य समस्याओं के समाधान के लिए उद्यमी मित्र के माध्यम से एनसीएल सिंगरौली से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें,ताकि सीएसआर परियोजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके। इस अवसर पर सीडीओ जागृति अवस्थी, ए डीएम वागीश कुमार शुक्ला, उपायुक्त उद्योग, बीएसए,डिप्टी सीएमओ, अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद रॉबर्ट्सगंज, एनसीएल सिंगरौली के महाप्रबंधक राजीव रंजन, सीएसआर हेड राजाराम यादव एवं उद्यमी मित्र सोनभद्र सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Source link
सोनभद्र में 4.27 करोड़ के विकास कार्यों के लिए एमओयू:ओपेन जिम, दो एम्बुलेंस और कस्तूरबा विद्यालयों का होगा सुदृढ़ीकरण