- Hindi News
- National
- IIT Bombay EV Battery Power Supply Project | Kerala Electricity Bill Cut
13 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

अब इलेक्ट्रिक व्हीकल यानी EV से यात्रा करने के साथ उसकी बैटरी का इस्तेमाल घर में बिजली सप्लाई करने के लिए भी कर सकते हैं। बॉम्बे की ग्रिड इंटीग्रेशन लैब ने IIT कैंपस में तीन साल तक प्रयोग किए। इस दौरान दिन में इलेक्ट्रिक कार सोलर पैनल से चार्ज होती और रात में एक प्रोफेसर के घर में बिजली सप्लाई करती।
इसने घर के सभी उपकरणों का लोड उठाया और प्रोफेसर के बिजली बिल में करीब 30% की कमी भी आई। EV की बैटरी से घर में बिजली सप्लाई करने को व्हीकल टू होम और वापस ग्रिड को बिजली भेजने को व्हीकल टू ग्रिड कहते हैं। IIT बॉम्बे ने देश में पहली बार यह प्रोजेक्ट बनाया।
अब केरलम में इस परियोजना को पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू किया जा रहा है। केरलम स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड ने IIT बॉम्बे के साथ जुलाई 2025 में एमओयू साइन किया। इसके तहत 100 से ज्यादा EV को वी2जी तकनीक से जोड़कर उनकी बैटरी की बिजली घरों में इस्तेमाल की जाएगी। इससे केरलम में बिजली की समस्या भी दूर होगी।
प्रो. जाकिर बोले- EV से घर में बिजली देने पर बैटरी लाइफ पर असर नहीं पड़ा
- IIT बॉम्बे ग्रिड इंटीग्रेशन लैब के प्रों जाकिर हुसैन राथर ने कहा कि EV से घर की लाइट लगातार सप्लाई के बाद भी बैटरी लाइफ पर खास फर्क नहीं पड़ा। बैटरी लाइफ को एसओएच से मापते हैं। नई बैटरी का एसओएच 100% होता है।
- दो साल बाद एसओएच में 1.5% की ही गिरावट आई। प्रो. जाकिर और उनकी टीम ने इस पर और रिसर्च की और बाकी शोध में भी इसकी पुष्टि हुई।
- भारत में EV अभी वी2जी के हिसाब से तैयार नहीं की जा रही हैं। इसकी वजह रेगुलेशन न होना है। पायलट प्रोजेक्ट के लिए IIT ने केरलम में EV की जानकारी जुटाई हैं। उन गाड़ियों को वी2जी के हिसाब से अनलॉक करेंगे। इसमें कुछ चीजें जोड़नी पड़ेंगी, जिसे IIT डेवलप कर रहा है।
- एक ओर देश में लोग EV खरीद रहे हैं, दूसरी ओर सोलर पैनल का चलन भी बढ़ा है। दिन में सोलर से बिजली पैदा होती है, लेकिन उसका स्टोरेज महंगा है। ऐसे में EV की बैटरी बिजली स्टोर कर सकती है। दिन में सोलर से चार्ज करके, रात में इस्तेमाल में लिया जा सकता है। साथ ही ग्रिड को भी बिजली बेच सकते हैं। इसे ही व्हीकल टू ग्रिड (V2G) कहते हैं।
अगस्त में इलेक्ट्रिक गाड़ियों की बिक्री 53% बढ़ी
भारत में EV की डिमांड तेजी से बढ़ रही है। अगस्त 2026 में देश में कुल 2,98,448 इलेक्ट्रिक वाहन बिके, जो पिछले साल के इसी महीने यानी अगस्त 2025 की तुलना में 52.9% ज्यादा है।
इस बढ़त के साथ ऑटोमोबाइल मार्केट में EV की हिस्सेदारी बढ़कर 12.3% हो गई है, जो एक साल पहले 9.5% थी। ऑटोमोबाइल डीलर्स के संगठन FADA ने 8 अगस्त को ये आंकड़े जारी किए हैं। FADA के मुताबिक, यह भारत में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के लिए अब तक का सबसे बेहतरीन अगस्त महीना साबित हुआ है।
कॉमर्शियल व्हीकल्स की बिक्री तीन गुना बढ़ी
अगस्त 2026 में इलेक्ट्रिक कॉमर्शियल व्हीकल्स की बिक्री में सबसे तेजी से बढ़ी। पिछले साल अगस्त में जहां महज 1,631 कॉमर्शियल EV बिके थे, वहीं इस साल अगस्त में यह आंकड़ा लगभग तीन गुना बढ़कर 4,702 यूनिट्स पर पहुंच गया।

क्यों बढ़ रही है EV की बिक्री?
ऑटो एक्सपर्ट्स के मुताबिक, EV की बिक्री में इस तेजी के पीछे मुख्य रूप से तीन बड़े कारण हैं:
- रनिंग कॉस्ट कम होना: पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के मुकाबले इलेक्ट्रिक वाहनों का रनिंग कॉस्ट काफी कम है।
- चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार: देश के छोटे और बड़े शहरों में चार्जिंग स्टेशनों की संख्या बढ़ रही है।
- नए मॉडल्स और ऑप्शंस: वाहन निर्माता कंपनियां किफायती रेंज में बेहतर माइलेज/रेंज देने वाले नए EV मॉडल लॉन्च कर रही हैं।
